बांग्लादेश से मुंबई आकर चोरी करनेवाला गिरोह चढ़ा पुलिस के हत्थे

Mon, Mar 11 , 2024, 08:21 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

भारत आकर सस्ते लॉज में रहते थे आरोपी
मुंबई :
क्राइम ब्रांच (crime branch) प्रॉपर्टी सेल ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा जो सेंधमारी के लिए बांग्लादेश से मुंबई आया था। मुंबई सहित कई राज्यों में सक्रिय इस गिरोह को जना जिले के पार्टूर में प्रोपर्टी सेल के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी दत्ता नलवाडे (Datta Nalwade) ने बताया कि इस गैंग का मास्टर माइंड शाकिर हैदर शेख उर्फ ​​गुडडू (47) है जो बांग्लादेशी नागरिक है। पुलिस ने गुडडू और उसके साथियों को जालौन से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने जालना में एक घर में सेंधमारी की थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के बारे में जानकारी मिली है कि उन्होंने 100 से ज्यादा घरों में चोरी की है। पुलिस की पूछताछ में 53 चोरियों का खुलासा हुआ है। इस गैंग ने मुंबई में 18, भुसालवल-जालना में 3, तेलंगाना के निजामाबाद में 13, हैदराबाद में 7, गुजरात-अहमदाबाद में 4 और पश्चिम बंगाल में 7 सेंधमारी की वारदातों को अंजाम दिया है।

गुडडू को चार मामलों में सजा हो चुकी है, 8 मामलों में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट और 1 मामले में उसके खिलाफ जमानती वारंट जारी हो चुका है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस गैंग का सरगना गुड्डु साल 2005 में सीमा पार कर भारत आया था और मुंब्रा में रह रहा था। उसे मुंबई पुलिस ने चोरी के एक मामले में गिरफ्तार (arrested) किया था और 2019 में जेल से बाहर आ गया था।

गुड्डु जब भी चोरी करता था तो चोरी का माल बांग्लादेश ले जाकर बेच देता था। गिरोह को बड़ा बनाने के लिए वह अपने परिचितों को बांग्लादेश से भारत लाया और उनकी मदद से चोरी करना शुरू कर दिया। डीसीपी नलवाडे ने बताया कि गुड्डु फ्लाइट से एक शहर से दूसरे शहर जाता था और किसी सस्ते लॉज में रुकता था। इस दौरान वह वहां की रेकी करता था। रैकी करने के बाद वह अपने अन्य साथियों को वहां बुलाता था और फिर चोरी करता था। चोरी के माल की कीमत का 80 फीसदी हिस्सा गुड्डु अपने पास रखता था और बाकी अपने साथियों में बांट देता था।

गुड्डु ने दो शादियां की हैं, उसकी एक पत्नी बांग्लादेश में और दूसरी मुंब्रा, ठाणे में रहती है। गुड्डु चोरी का माल बांग्लादेश में बेचता था, जहां सोने की कीमत भारत से ज्यादा है। डीसीपी नलवाडे ने बताया कि गुडडू समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से 5 आरोपी बांग्लादेश के नागरिक हैं और बाकी दो आरोपी भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं।

जांच में यह भी पता चला कि गुड्डू ने चोरी के पैसे से बांग्लादेश में संपत्ति बनाई थी। अब तक सेंधमारी में गुड्डु द्वारा चुराये गये सामान की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है। गुड्डु और उसके साथियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां कोर्ट ने सभी को 18 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups