राज्य की 45 लोकसभा सीट जीतेंगे: शिंदे

Fri, Mar 01 , 2024, 10:23 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

विधानसभा में पीएम मोदी की जमकर तारीफ
महानगर संवाददाता
मुंबई।
शुक्रवार को राज्य विधानसभा में बजट सत्र के आखिरी दिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने चौतरफा बैटिंग करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि पीएम देश को आगे ले जा रहे हैं, इसलिए महाराष्ट्र उनके साथ खड़ा है। अबकी बार 400 के पार और महाराष्ट्र में 45 से अधिक लोकसभा सीट जीतने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता पीएम मोदी का साथ देगी और वे लोकसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक पूरी करेंगे।

विपक्ष की फिल्म लगातार फ्लॉप
विधानसभा में विपक्ष की तरफ से पेश 293 के प्रस्ताव पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी विशेष शैली में विपक्ष को निशाना बनाया। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर कहा कि उनकी एक ही स्क्रिप्ट, एक ही ड्राफ्ट है, इसलिए उनकी फिल्म लगातार फ्लॉप होती जा रही है। उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमें खोके-खोके बोलने वालों ने शिवसेना के खाते से 50 करोड़ रुपए निकाल लिए। फिलहाल इसकी जांच चल रही है। हमारी सरकार ने सर्वसमावेशक अर्थ संकल्प पेश किया, लेकिन विपक्ष का व्यर्थ संकल्प शुरू था। पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधानमंडल का कामकाज फेसबुक लाइव पर नहीं हो सकता, वरना वे यह भी करते।

आगे की चिंता करें विपक्ष
उन्होंने कहा कि लोगों को मोदी की गारंटी पर विश्वास है। अजित पवार हमारे साथ आ गए, अशोक राव चव्हाण हमारे साथ आ गए, आगे क्या होगा, इसकी चिंता विपक्ष को करनी चाहिए। मोदी के नाम, जादू की वजह से लोग हमारे साथ आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के किसी नेता ने कहा कि राज्य के किसान कोमा में चले गए हैं। ऐसी बात करना ठीक नहीं है, किसान हमारे अन्नदाता हैं। हमें तो लगता है कि विपक्ष कोमा में चला गया है। हमारी सरकार ने 121 सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी। मराठवाडा वाटर ग्रिड परियोजना को फिर शुरू किया। सरकार किसी के खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं कर रही है।  शिंदे ने कहा कि राज्य का माहौल इंडस्ट्री फ्रेंडली है। ग्रीन हाइड्रोजन को प्रमोट करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है। शासन आपके द्वार योजना से 2 करोड़ लोगों को फायदा मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी प्रत्यक्ष निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, आयकर, जीएसटी, स्टार्टअप में महाराष्ट्र देश में सबसे आगे है।

रेसकोर्स की जगह पर बनेगा सेंट्रल पार्क  
उन्होंने कहा कि मुंबई में रेस कोर्स (race course) की जगह पर न केवल घोड़े दौड़ेंगे, बल्कि 320 एकड़ की जगह पर मुंबईकरों के लिए एक भव्य सेंट्रल पार्क भी बनाया जाएगा। इससे मुंबईकरों का मनोरंजन होगा। सरकार ने राज्य में मराठा समुदाय को आरक्षण देने का गंभीर प्रयास किया है। यह आरक्षण कानून की कसौटी पर खरा उतरेगा और यह आरक्षण आगामी पुलिस और शिक्षक भर्ती में लागू होगा। शिंदे ने कहा कि मराठा आरक्षण के आधार पर जाति-पाति में जहर घोलने की कोशिश सफल नहीं होगी।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups