महानगर संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने कहा कि देश के प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट और देशभर के सभी हिंदुओं में अस्मिता की अलख जगाने वाले अद्वितीय नेता दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को भारत रत्न का सम्मान मिलना चाहिए। राज ठाकरे ने कहा कि यदि बाला साहेब (Bala Saheb) को भारत रत्न मिलता है, तो यह मेरे जैसे कई लोगों के लिए उत्साह का क्षण होगा, जिन्हें उनके विचार विरासत में मिले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और भारतीय हरित क्रांति के जनक एस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा की है। इस पृष्ठभूमि में राज ठाकरे ने सोशल मीडिया "एक्स" पर पोस्ट लिखकर बाला साहेब ठाकरे को भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने की आशा प्रकट की है। पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और भारतीय हरित क्रांति के जनक एस स्वामीनाथन को भारत रत्न सम्मान घोषित किया गया। इस सूची में शामिल एस स्वामीनाथन का कुछ महीने पहले ही निधन हो गया था। राज ठाकरे ने लिखा कि एस स्वामीनाथन को जीवित रहते हुए यह सम्मान मिलना चाहिए था। केंद्र की भाजपा सरकार ने पीवी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह और कुछ साल पहले प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न सम्मान देने की घोषणा करके राजनीतिक उदारता दिखाई है। उन्होंने कहा कि हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय बाला साहेब ठाकरे को भारत रत्न देकर यही उदारता दिखानी चाहिए।
बाला साहेब को भूली मोदी सरकार: राऊत
इधर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) ने "एक्स" पर लिखा कि खुद को हिंदुत्ववादी कहने वाली मोदी सरकार एक बार फिर हिंदू हृदय सम्राट बाला साहेब ठाकरे को भूल गई है। पहले 2 और अब 3, एक महीने में 5 नेताओं को भारत रत्न से सम्मानित किया गया, लेकिन न तो वीर सावरकर और न ही शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे। राऊत ने लिखा कि एक साल में अधिकतम 3 लोगों को भारत रत्न देने का नियम है, लेकिन मोदी सरकार ने एक महीने में 5 लोगों को भारत रत्न देने का ऐलान किया, यह चुनावी हलचल, दूसरा क्या है?
कर्पूरी ठाकुर और लालकृष्ण आडवाणी के बाद चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया गया...कुछ और नेताओं का इंतजार है, लेकिन बाला साहेब ठाकरे को क्यों भूले? जिन्होंने पूरे भारत को हिंदूमय किया..जिसकी वजह से मोदी अयोध्या में राम मंदिर का जश्न मना सके।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Feb 09 , 2024, 06:58 AM