० नामांकन भरने की आखिरी तिथि 15 फरवरी
महानगर संवाददाता
मुंबई। आगामी 27 फरवरी को महाराष्ट्र कोटे की रिक्त 6 राज्यसभा सीटों के चुनाव के लिए राज्य भाजपा की तरफ से पार्टी आलाकमान को 9 नामों की सूची भेजी गई है। अब पार्टी हाईकमान तय करेगा कि राज्यसभा में किसे पार्टी का प्रत्याशी बनाया जाए। राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha elections) के लिए 8 फरवरी को अधिसूचना जारी हुई। प्रत्याशी 15 फरवरी तक अपने नामांकन पत्र भर सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र भाजपा की तरफ से जिन 9 लोगों के नाम पार्टी आलाकमान (party high command) को भेजे गए हैं, उनमें नारायण राणे, विनोद तावड़े, पंकजा मुंडे विजया रहाटकर, अमरीश पटेल, माधव भंडारी, चित्रा वाघ, हर्षवर्धन पाटिल और संजय उपाध्याय के नाम शामिल हैं। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि इन 9 नेताओं में से किन 3 नेताओं को राज्यसभा का नामांकन भरने का मौका मिलेगा।
महाराष्ट्र कोटे की 6 रिक्त सीटों में से भाजपा के खाते में 3 सीट जाने की संभावना है। एक-एक सीट शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट, राकांपा अजित पवार गुट और कांग्रेस के खाते में जा सकती है। यदि भाजपा ने चौथी सीट के लिए चुनाव मैदान में प्रत्याशी उतारा तो चुनाव होंगे। यदि भाजपा ने चौथा प्रत्याशी नहीं उतारा तो चुनाव निर्विरोध होंगे।
भाजपा अपने दम पर दो जगह पर आसानी से चुनाव जीत सकती है। तीसरी सीट के लिए एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की शिवसेना की जरूरत होगी। चौथी सीट पर भाजपा ने प्रत्याशी उतारा तो उसे महाविकास आघाड़ी में मतों में सेंध लगानी होगी। भाजपा की नजर कांग्रेस के कुछ विधायकों पर है। अभी हाल ही में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से नई दिल्ली में मुलाकात की थी। इस दौरान राज्यसभा चुनाव पर चर्चा हुई। इसके बाद हुए भाजपा कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की गई। कांग्रेस से भी कई नाम सामने आए हैं। इनमें पवन खेड़ा का नाम सबसे आगे हैं। वे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Feb 08 , 2024, 07:22 AM