Gaon Chalo Campaign : महाराष्ट्र भाजपा का गांव चलो अभियान

Fri, Feb 02 , 2024, 06:18 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० 4 से 11 फरवरी के बीच गांव-गांव जाएंगे नेता-कार्यकर्ता  
० पारडसिंगा गांव में एक दिन रुकेंगे उपमुख्यमंत्री फडणवीस
महानगर संवाददाता
मुंबई।
प्रदेश भाजपा की तरफ से 4 से 11 फरवरी के बीच व्यापक जनसंपर्क के लिए गांव चलो अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस(Devendra Fadnavis), केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) सहित सभी केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे (Vinod Tawde), प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक बताए गए गांव में एक दिन रूकेंगे। इस बात की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrasekhar Bawankule) ने मुंबई भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।  
बावनकुले ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्येक गांव व कस्बों के मतदाताओं तक मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यों, पिछले घोषणापत्र के वादों की पूर्ति, अंतरिम बजट के प्रमुख मुद्दों की जानकारी देने के लिए गांव चलो अभियान शुरू किया जा रहा है। मोदी जी की गारंटी की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार की योजनाओं व उल्लेखनीय कामकाज की जानकारी देने वाले पर्चों का भी वितरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर जिले के पारडसिंगा, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी नागपुर जिले के धापेवाडा (तहसील, कळमेश्वर), मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार गुरामवाडी (तहसील, मालवण), रेल राज्यमंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे जालना जिले के वालसावंगी गांव में एक दिन ठहरने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, डॉ. भारती पवार, डॉ. भागवत कराड, कपिल पाटिल भी इस अभियान में शामिल होंगे। शहरी भाग में वार्ड निहाय अभियान शुरू किया जाएगा। केंद्रीय महासचिव विनोद तावडे विले पार्ले के अभियान में शामिल होंगे। इस अभियान के अंतर्गत 50 हजार यूनिट्स में भाजपा के 50 हजार प्रवासी नेता प्रत्येक मतदाता तक पहुंचेंगे। पार्टी के वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक, जिला परिषद सदस्य सहित सभी नेता राज्य के प्रत्येक यूनिट में प्रवास करेंगे और इन्हें 32 हजार सुपर वॉरियर्स भी सहयोग करेंगे। 50 हजार यूनिट्स में गांव चलो अभियान के अंतर्गत एक लोकसभा में 3.5 लाख घरों तक पहुंचने का उद्देश्य है।

20 फरवरी को धन्यवाद देवेंद्र जी कार्यक्रम
मुंबईकरों की गृह निर्माण सहकारी परिषद में किए गए वादों को पूरा करने के लिए 20 फरवरी को काला चौकी में धन्यवाद देवेंद्र जी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस बात की जानकारी विधान परिषद में भाजपा के गट नेता और मुंबई बैंक के अध्यक्ष प्रवीण दरेकर ने दी। मुंबई बैंक के सभागृह में भाजपा सहकार आघाड़ी की बैठक हुई। इस बैठक में मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार और प्रवीण दरेकर उपस्थित थे। दरेकर ने कहा कि गोरेगांव में हुई सहकार परिषद से मुंबईकरों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। इस परिषद में 20 प्रस्ताव पारित किए गए, इसमें से 16 के शासन निर्णय हो चुके हैं। इसके लिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय, सह्याद्रि गेस्ट हाऊस में कई बैठकें की। ऐसे में उनके काम के प्रति आभार प्रकट करने के लिए मुंबईकरों की ओर से 20 फरवरी को धन्यवाद देवेंद्र जी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups