80 के दशक में शिवसेना ने उपस्थित किया था यह मुद्दा
मुंबई। ठाणे (Thane) के कल्याण में पहाड़ी पर स्थित मलंगगढ़ को लेकर विवाद पुराना है। मंगलवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) के मलंगगढ़ के बारे में दिए गए बयान से यह मामला फिर गरमा गया है। इस जगह का उल्लेख हाजी मलंग (Haji Malang), मलंगगढ़, श्री मलंग, मच्छिंद्रनाथ समाधिस्थल के रूप में किया जाता है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को मलंगगढ़ में हरिनाम सप्ताह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मलंगगढ़ के बारे में आप सभी की भावनाएं मुझे पता है। कुछ साल पहले धर्मवीर आनंद दिघे ने मलंगगढ़ मुक्ति आंदोलन शुरू किया था और बड़ी खुशी की बात है कि हम सभी जय मलंग, श्री मलंग कहने लगे। हम सभी जानते हैं कि कुछ बातें हम सार्वजनिक रूप से नहीं कह सकते, लेकिन आपकी भावना मलंगगढ़ मुक्ति की है और इसे पूरा किए बिना एकनाथ शिंदे चुप नहीं बैठेगा।
मलंगगढ़ कल्याण की पहाड़ी पर स्थित मौजूद एक किला है। इसे हाजी मलंग दरगाह के नाम से भी जाना जाता है। यह किला 7वीं सदी में मौर्य राजा नल देव ने बनवाया था। हिंदू पक्ष का कहना है कि यहां गोरखनाथ पंथ के संत मच्छिंद्रनाथ की समाधि है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि यहां 13वीं सदी में यमन से आए हाजी अब्दुल की मजार है। दोनों पक्षों ने जमीन का एक-एक हिस्सा अपने कब्जे में ले रखा है। इस पर लंबे समय से दोनों ही पक्षों की तरफ से विवाद शुरू है। 80 के दशक में शिवसेना ने पहली बार यह मुद्दा उपस्थित किया था। यह मामला अदालत के विचाराधीन है।
शिंदे के बयान पर आव्हाड का ऐतराज
इधर पूर्व मंत्री और कलवा-मुंब्रा के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बयान पर ऐतराज जताया है। आव्हाड ने कहा कि आमतौर पर मुख्यमंत्री विवादित बयान नहीं देते हैं, लेकिन मलंगगढ़ को लेकर उनका भाषण ठीक नहीं था। तुम्हारे मन में जो है, उसे एकनाथ शिंदे पूरा करेगा, इसका मतलब क्या है? मुख्यमंत्री मलंगगढ़ में एक दो महीने में दो-तीन बार जाते हैं, उन्हें कोई दूसरा काम नहीं है क्या? आव्हाड ने कहा कि मुख्यमंत्री को धार्मिक उन्माद बढ़ाने वाले बयान नहीं देने चाहिए। उन्हें पता होना चाहिए कि वे एकनाथ शिंदे नहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं, उन्हें अपनी शपथ का पालन करना चाहिए।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 03 , 2024, 09:37 AM