महानगर संवाददाता
मुंबई। मुंबई के शिवडी से नवी मुंबई के न्हावाशेवा (nhavasheva) को जोड़ने वाले मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (mthl) परियोजना की लागत 2192 करोड़ रुपए बढ़ गई है। दो बार समय सीमा का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों पर अब तक कोई जुर्माना नहीं लगाया गया है और 100 प्रतिशत काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है। इस बात की जानकारी सूचना के अधिकार के तहत मिली है। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को मिली जानकारी के अनुसार परियोजना के पैकेज 1, 2 और 3 की समग्र भौतिक प्रगति 98.92 प्रतिशत है, जबकि पैकेज 4 की भौतिक प्रगति 82 प्रतिशत है। औसत भौतिक प्रगति 98.41 प्रतिशत है। गलगली के मुताबिक समय पर काम पूरा नहीं होने से लागत बढ़ गई है। यह ठेकेदारों की गलती है। बढ़ी हुई रकम चुकाने के बजाय अलग से जुर्माना लगाना ज्यादा उचित होगा। यह परियोजना जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) से कर्ज लेकर बनाई जा रही है। पैकेज के तहत 1 लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, इंफ्रास्ट्रक्चर सिस्टम्स कंपनी लिमिटेड कंसोर्टियम का अनुबंध मूल्य 7637.30 करोड़ था। इसमें अब 999.67 करोड़ की बढ़ोतरी हो गई है। पैकेज-2 के तहत देवू इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड और टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड जेवी का कॉन्ट्रैक्ट प्राइस 5612.61 करोड़ था, जो अब 936.45 करोड़ बढ़ गया है। पैकेज के तहत 3 के तहत लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड का अनुबंध मूल्य 1013.79 करोड़ था। अब इसमें 232.37 करोड़ का इजाफा हो गया है। पैकेज 4 के तहत स्ट्रोबैग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सेफ्टी सॉल्यूशंस जीएमबीएच जेवी का अनुबंध मूल्य 449 करोड़ था। अब इसमें 23.24 करोड़ का इजाफा हुआ है। मूल खर्च 14712.70 करोड़ था, जो अब बढ़कर 16904.43 करोड़ हो गया है। अब इसमें 2192.73 करोड़ खर्च का कुल इजाफा हुआ है।
ठेकेदार 2 एक्सटेंशन से चूक गए
ठेकेदारों ने 2 एक्सटेंशन मिस कर दिए हैं। काम 22 सितंबर, 2022 को पूरा होने की उम्मीद थी। एमएमआरडीए प्रशासन (MMRDA Administration) ने पहला विस्तार 22 सितंबर 2023 तक दिया। इसके बाद 15 दिसंबर 2023 दूसरा विस्तार है। लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हुआ है।
12 जनवरी को उद्घाटन होने की संभावना
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आगामी 12 जनवरी को मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का उद्घाटन होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। यह देश का सबसे बड़ा और दुनिया में 12वें नंबर का सबसे बड़ा समुद्री पुल है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Dec 29 , 2023, 09:48 AM