० मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहुंचे आरएसएस मुख्यालय
० डॉ. हेडगेवार, एमएस गोलवलकर को दी श्रद्धांजलि
महानगर संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ( CM Eknath Shinde) ने बुधवार को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. हेडगेवार (Dr. Hedgewar) और दूसरे सरसंघचालक एमएस गोलवलकर (MS Golwalkar) के स्मारकों का दौरा किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने नागपुर स्थित दीक्षा भूमि जाकर भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर (Dr. Babasaheb Ambedkar) की विनम्र अभिवादन किया और दीक्षा भूमि परिसर का मुआयना करते हुए विकास परियोजना और विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।
आरएसएस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की राय जानने और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जाति आधारित जनगणना पर उचित निर्णय लिया जाएगा। मंगलवार को आरएसएस पदाधिकारी श्रीधर गाडगे ने कहा कि जाति आधारित जनगणना नहीं होनी चाहिए और जानना चाहा कि इससे क्या हासिल होगा। विदर्भ सह-संघचालक गाडगे ने कहा था कि इस तरह की कवायद से कुछ लोगों को राजनीतिक रूप से फायदा हो सकता है क्योंकि इससे एक निश्चित जाति की आबादी के बारे में डेटा मिलेगा, लेकिन सामाजिक रूप से और राष्ट्रीय एकता के लिहाज से यह अच्छा नहीं है। गौरतलब है कि कांग्रेस देशव्यापी जातीय जनगणना के पक्ष में है।
आरएसएस पदाधिकारी की टिप्पणियों पर एक सवाल पर शिंदे ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र एक प्रगतिशील राज्य है और इसकी संस्कृति और परंपराएं अन्य राज्यों से अलग हैं। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि यहां सभी समुदाय और जातियां एक साथ रहती हैं, एक साथ काम करती हैं और एक साथ जश्न मनाती हैं। इसलिए समाज के सभी वर्गों की राय लेने के बाद लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा। भाजपा से जुड़े मंत्री और विधायक हर साल नागपुर में राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान हेडगेवार और गोलवलकर के स्मारक पर जाते हैं।
राज्य में सरकार बनाने के लिए पिछले साल भाजपा के साथ गठबंधन करने वाले शिंदे ने कहा कि हम हर साल शीतकालीन सत्र के दौरान डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर जाते हैं। यहां आकर मुझे शांति महसूस होती है और ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है। इसीलिए हम यहां आये हैं। हिंदुत्व पर राजनीति के सवाल पर शिंदे ने कहा, हमारे यहां आने के पीछे कोई राजनीति नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हिंदुत्व की विचारधारा और (शिवसेना के दिवंगत संस्थापक) बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा पर बनी है। उन्होंने कहा कि विकास का यह हिंदुत्व, जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री ने भी कहा है, सबका साथ, सबका विकास के लिए है। शिंदे ने आगे कहा कि उनकी सरकार आम लोगों का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से कोई भी मिल सकता है और यह पहुंच उनकी सरकार की विशेषता है। उन्होंने कहा कि मैं भी एक आम आदमी की तरह काम करता हूं, इसलिए लोग हमें और हमारी सरकार को पसंद करते हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Dec 20 , 2023, 07:01 AM