० उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने जताया आभार
० रजत पदक विजेता को 75 लाख, कांस्य पदक विजेता को 50 लाख
० सरकार ने पुरस्कार राशि 10 गुना बढ़ाने का लिया ऐतिहासिक निर्णय
महानगर संवाददाता
मुंबई। चीन के हांगझू में संपन्न एशियाई खेलों में राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके कोच को नकद इनाम देकर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने इस बार नकद इनाम की राशि दस गुना बढ़ा दी है। एशियन गेम्स में व्यक्तिगत खेल स्पर्धा में स्वर्ण पदक (gold medalist) विजेता को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह (Santosh RN Singh) ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया है।
शासन निर्णय में बताया गया कि एशियन गेम्स (asian games) में व्यक्तिगत खेल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 1 करोड़ रुपए और कोच को 10 लाख, रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 75 लाख और कोच को 7.50 तथा कांस्य पदक विजेता को 50 लाख और कोच को 5 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसी तरह टीम गेम में स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख कोच को 7.50, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख और कोच को 5 लाख तथा कांस्य पदक विजेताओं को 25 लाख और कोच को 2.50 लाख रुपए दिए जाएंगे। जीआर में कहा गया कि एशियाई खेलों में पदक नहीं जीतने वाले खिलाड़ियों को दस लाख रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। यह निर्णय चीन में 19वें एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों पर लागू रहेगा। इसके पहले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओें को 10 लाख और कोच को 2.50, रजत पदक विजेताओं को 7.50 और कोच को 1.87 लाख और कांस्य पदक विजेता को 5 लाख और कोच को 1.2 लाख रुपए प्रदान किए जाते थे। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री संजय बनसोडे ने कहा कि राज्य सरकार ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और उनके मार्गदर्शकों को सम्मानित करने के लिए दी जाने वाली पुरस्कार राशि को दस गुना बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आठ दिन पहले उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री अजित पवार ने खेल व युवक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश की तरफ एशियाई खेल प्रतियोगिता में पदक विजेताओं की इनाम की रकम बढ़ाने को लेकर चर्चा की थी, उसी तरह यह निर्णय लिया गया है।
उत्तर भारतीय संघ के सम्मान समारोह में उठी थी मांग
उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने एशियाई खेलों में राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों और उनके कोच को मिलने वाली इनामी राशि को दस गुना बढ़ाने के सरकार के फैसले का स्वागत कर आभार जताया है। बता दें कि पिछले दिनों उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने एक भव्य कार्यक्रम में एशियाई खेल में रिले स्पर्धा की रजत पदक विजेता ऐश्वर्या मिश्रा का सम्मान करते हुए उन्हें दो लाख रुपए का चेक सौंपा था। इस कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की तरह महाराष्ट्र के पदक विजेता खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपए नकद और घर देने की मांग की गई थी। कार्यक्रम में उत्तर भारतीय समाज ने ऐश्वर्या मिश्रा को ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर लाने का आशीर्वाद दिया गया था। ऐश्वर्या मिश्रा मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला स्थित रामपुर ब्लॉक के सुल्तानपुर गांव की निवासी हैं। उनके पिता कैलाश मिश्रा पूर्वी उपनगर दहिसर में फल व सब्जी बेचते हैं। ऐश्वर्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है। महाराष्ट्र सरकार के फैसले से अब ऐश्वर्या मिश्रा को 50 लाख रुपए का नकद इनाम मिलेगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Oct 20 , 2023, 08:23 AM