अजित पवार का सीएम बनने का सपना पूरा नहीं होगा

Thu, Oct 12 , 2023, 06:58 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने साधा निशाना
महानगर संवाददाता
मुंबई।
राकांपा प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने कहा कि अजित पवार (Ajit Pawar) मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, लेकिन यह सपना पूरा नहीं होगा। वे गुरुवार को अकोला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान सीनियर पवार ने अजित पवार गुट की खिंचाई करते हुए कहा कि वे चुनाव हमारे साथ लड़े, लेकिन भाजपा के साथ जा मिले, ऐसे लोगों के बारे में क्या बोला जाए। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा था कि अजित पवार यदि मुख्यमंत्री (Chief Minister) बने तो मैं सबसे पहले उनके गले में हार पहनाकर उनका स्वागत करूंगी। जब पत्रकारों से सीनियर पवार से यह सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह सपना है, जो कभी पूरा नहीं होगा।

संयुक्त राष्ट्र अध्यक्ष लिखेंगे तो भी आपत्ति नहीं
अजित पवार ने दो दिन पहले महाराष्ट्र की जनता को खुला पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होंने खुद का उल्लेख राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में किया था। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। जब पत्रकारों ने इस संबंध में सवाल किया तो शरद पवार ने कहा कि मेरी कोई आपत्ति नहीं है, कल वे संयुक्त राष्ट्र अध्यक्ष भी लिखेंगे तो भी कोई समस्या नहीं है।  

हमारी पार्टी से लड़े, भाजपा से जा मिले
अजित पवार को खरी-खोटी सुनाते हुए शरद पवार ने कहा कि मुद्दा यह है कि वे किस पार्टी से चुने गए? वे किस चुनाव चिन्ह पर चुने गए? राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राज्य अध्यक्ष जयंत पाटिल तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मैं बैठा हूं। इस पार्टी के नेतृत्व में वे चुनकर आए और भाजपा के साथ जा मिले, ऐसे लोगों के बारे में क्या बोला जाए?

70 फीसदी राज्यों में भाजपा नहीं
पवार ने कहा कि आज देश में भाजपा विरोध की तस्वीर दिख रही है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना में भाजपा नहीं है। गोवा में भाजपा नहीं थी, वहां तोड़फोड़ कर सरकार बनाई गई। महाराष्ट्र में भी तोड़फोड़ की गई। गुजरात उनके पास है। मध्यप्रदेश भी भाजपा का राज्य नहीं था। वहां भी विधायकों को फोड़कर सत्ता स्थापित की गई। राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, झारखंड में भाजपा नहीं है। देश में 70 प्रतिशत राज्यों में भाजपा नहीं है। हमारा विश्वास है कि यही स्थिति आगे भी रहेगी।

अंधेरे में रखा गया: सुप्रिया सुले
इधर छगन भुजबल के खुलासे पर राकांपा सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने कहा कि राकांपा प्रमुख शरद पवार को सुबह के शपथ ग्रहण समारोह और 2 जुलाई 2023 को शपथ ग्रहण समारोह दोनों के बारे में जानकारी नहीं थी। ये सभी फैसले उन्हें अंधेरे में रखकर लिए गए हैं। शरद पवार अपने सिद्धांत पर अटल हैं और रहेंगे। भाजपा ने राकांपा पर झूठे आरोप लगाए। भाजपा ने ही राकांपा को ऑफर दिया था।  

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups