साक्षात्कार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के साथ

Mon, Oct 09 , 2023, 07:48 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

कांग्रेस मूवमेंट है, इवेंट नहीं: नाना पटोले
महानगर संवाददाता
मुंबई।
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस एक मूवमेंट है, इवेंट नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति में आम लोगों का कांग्रेस के प्रति रुझान बढ़ा है। "हमारा महानगर" (Hamara Mahanagar) के पवई स्थित कार्यालय में सदिच्छा भेंट देने आए  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लंबी बातचीत में महाराष्ट्र की वर्तमान राजनीति स्थिति, चुनावों में कांग्रेस की रणनीति, सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की। पेश है बातचीत के अंश:-

चंद मुठ्ठी भर लोगों को मिला फायदा
नाना पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र शुरू से ही कांग्रेसी विचारधारा का राज्य रहा है। वर्ष 2014-2019 में भाजपा ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हो सके। लोगों को अब एहसास हो रहा है कि हमने बड़ी गलती कर दी है। भाजपा आम लोगों के दिमाग में यह बात बिठाने में सफल रही कि कांग्रेस कुछ नहीं कर रही है। इसका बचाव करने में हम थोड़े कमजोर रहे। डॉ. मनमोहन सिंह ने विश्व की बिगड़ती अर्थव्यवस्था के बीच देश को जिस बखूबी से संभाला, हम आम लोगों को यह बताने में कमजोर साबित हुए। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के वक्त एक ऐसा माहौल पैदा किया गया कि पाकिस्तान से लड़ने की हिम्मत 56 इंची सीने वाले व्यक्ति में है। हालांकि लोग समझ गए कि उन्हें झूठ बोलकर फंसाया गया। आपने देखा होगा कि अभी हॉल ही में रसोई गैस सिलेंडर के दाम 300 रुपए घटाए गए। पड़ोसी देश पाकिस्तान में भारतीय मुद्रा के अनुसार रसोई गैस सिलेंडर (LPG cylinder) की कीमत 310 रुपए है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम गिरे है, इस अनुसार हमें पेट्रोल 55 रुपए और डीजल 45 रुपए प्रति लीटर मिलना चाहिए, जबकि रसोई गैस सिलेंडर 200 रुपए में मिलना चाहिए। देश की जनता को आर्थिक रूप से कमजोर कर चंद मुठ्ठी भर लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

कर्ज के जाल में उलझा देश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सवालों के जवाब में कहा कि आज भी आप यदि सूचना के अधिकार के तहत जानकारी हासिल करेंगे तो पता चलेगा कि देश की तिजोरी में पैसा ही नहीं है। देश कर्ज के जाल में उलझ रहा है। ये तो अरबों-खरबो रुपए का कर्ज ले रहे हैं। इन लोगों ने पिछले 9 साल में देश पर 100 लाख करोड़ रुपए का कर्ज चढ़ा दिया, जबकि कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल में 45 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। हम तो उस वक्त देशवासियों से ज्यादा टैक्स भी नहीं लेते थे। उस वक्त जो जीएसटी भी नहीं था। सितंबर माह में सबसे अधिक जीएसटी कलेक्शन की बात सामने आई। यह पैसा आखिर जा कहां रहा है?

गरीबी जात नहीं, एक कलंक है
नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने छत्तीसगढ़ की एक सभा में गरीबी को एक जात बताया। हमारा सवाल है कि गरीबी एक जात नहीं, कलंक है। हम यह समझने वाले लोग हैं कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस कलंक को मिटाना चाहिए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा कह रही है कि गरीबी एक जात है। गरीबी एक जात है तो यह गरीबी करने के लिए थोड़ी है? सरकारी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था नहीं है, गरीब लोग मर रहे हैं। आज महाराष्ट्र की स्थिति ऐसी है कि गरीब लोगों के पास इलाज का पैसा नहीं है और यदि वह सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए जाते हैं तो उनका मरना तय है। सरकारी स्कूल बेचे जा रहे हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य हमारा संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा किसी संवैधानिक व्यवस्था को मानने के लिए तैयार नहीं है।

सबसे बड़ी पार्टी बनेगी कांग्रेस
प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति से संबंधित सवाल के जवाब में नाना पटोले ने कहा कि राज्य में शिवसेना और राकांपा में पड़ी फूट के बाद आम लोगों का कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में राज्य में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनने वाली है। चाहे लोकसभा चुनाव हो या फिर विधानसभा चुनाव, दोनों ही जगह पर कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आएगी। हमने जनसंवाद यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान हमने देखा कि बड़े शहरों की कई दुकानें बंद या खाली दिखाई दीं। हमने जब इस बारे में व्यापारियों से पूछा तो उन्होंने कहा कि मार्केट खत्म हो चुका है। व्यापारियों को जीएसटी कानून के जरिए रोज लूटा जा रहा है। हिसाब कम ज्यादा हुआ तो सीधा मनी लॉन्ड्रिंग का केस लगा दिया जाता है। आज सभी व्यवस्थाओं में डर बना हुआ है। राज्य सरकार आउटसोर्सिंग के जरिए कर्मचारियों की भर्ती कर रही है, माननीय राज्यपाल को भी इस बात की जानकारी नहीं थी। मार्च माह में 31 हजार करोड़ रुपए के घाटे का बजट पेश किया गया। विधानमंडल के मानसून सत्र में 40 हजार करोड़ रुपए की सप्लीमेंट्री डिमांड रखी गई। इस तरह से देखा जाए तो राज्य का दिवाला निकला हुआ है। राज्य का पैसा जा कहां रहा है? मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है, लेकिन यहां न तो अच्छी सड़कें हैं और न ही ट्रैफिक की सही व्यवस्था। मुझे तो लगता है कि मुंबई वालों की पूरी जिंदगी ही ट्रैफिक में चली जाती है।

कांग्रेस से जुड़ रहे उत्तर भारतीय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2014 और 2019 में धर्म के आधार पर खेला हुआ और धार्मिक उत्तर भारतीय समाज भाजपा के साथ चला गया। लेकिन अब लोगों को यह बात समझ में आ गई कि उन्हें गुमराह किया गया। लोगों को लग रहा है कि हमें तो लूट लिया, हमारे पेट पर लात मारनी शुरू कर दी गई है। उत्तर भारतीय लोग अपने गांव को छोड़कर यहां आए हैं। आज भी किसी कोने में दुकान लगाने जाए तो उन्हें वहां से उठाकर फेंक जाता है। उत्तर भारतीय आज यहां आकर नहीं बसे हैं, उनकी तीन-चार पीढ़ियां मुंबई में हो चुकी हैं। कांग्रेस का जब समय था, तब उत्तर भारतीय को कितनी सुरक्षा थी। यह बात उत्तर भारतीय खुद जानते हैं। कुछ लोग हमारे साथ सत्ता में आए और कांग्रेस के नाम पर बड़े हुए। उन्होंने उत्तर भारतीयों को बेवकूफ बनाया और लूटा। इनमें से कुछ लोग हमें छोड़कर दूसरी पार्टी में चले गए। लोगों को जो गुमराह किया गया था, उससे भी कांग्रेस पार्टी अब अलर्ट हो गई है। अब उत्तर भारतीयों का कांग्रेस के प्रति रूझान बढ़ता जा रहा है। मैं उत्तर भारतीय समाज के कई कार्यक्रमों में गया हूं मुझे विश्वास है कि उत्तर भारतीय पहले की तरह कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।

भाजपा राज में बढ़ा करप्शन
नाना पटोले ने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस पर करप्शन का आरोप लगाते हैं, लेकिन राज्य में भाजपा ने भ्रष्टाचार की मर्यादा का उल्लंघन करने का पाप किया है। यह बात आप लोगों को समझ में आ रही है। भाजपा का भ्रष्टाचार आपने देखा होगा । मैंने दो दिन पहले कहा था कि राज्य की भाजपा सरकार में दलालों का बोलबाला चल रहा है। मंत्रालय के बाहर निर्मल बिल्डिंग में दलालों का बोलबाला चल रहा है। सरकार ने मंत्रालय में पैसे ले जाने की लिमिट 10 हजार रुपए कर दी है। यानी मंत्रालय तो बिल्कुल क्लीन है.. निर्मल भवन में जाइए वहां पैसा लिया जाएगा। भाजपा ने लूटमार की व्यवस्था बना दी है, दूसरी तरफ लोग महंगाई, बेरोजगारी से परेशान हैं। नौकरी में भर्ती के नाम से लोगों को लूटा जा रहा है।

मेरिट के आधार पर होगा सीटों का बंटवारा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महाविकास आघाड़ी में मेरिट के आधार पर सीटों का बंटवारा किया जाएगा। विदर्भ में 10 लोकसभा सीटें हैं, वहां कांग्रेस-भाजपा का सीधा मुकाबला होगा, जबकि मुंबई, कोकण, मराठवाडा, पश्चिम महाराष्ट्र, उत्तर महाराष्ट्र में मिक्स है। तो सीक्वेंस और सिचुएशन के आधार पर स्थिति बनेगी। कांग्रेस ने हमेशा अपने साथ आए दलों का सम्मान किया है। हम हमारे फायदा होने से अधिक देश और राज्य का फायदा देखते हैं। भाजपा कहती हैं कि हम बॉस हैं, हम यह बकवास नहीं करेंगे। हमारे नेता राहुल गांधी ने जिस तरह कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा की है और उसमें जो संदेश दिया है, वह एकदम क्लियर है। हम चाहते हैं कि जो भी दल हमारे साथ जुडेगा, उसे हम रिस्पेक्ट देंगे। अभी एक सर्वे आया है, उसके अनुसार महाविकास आघाड़ी राज्य की 37 सीटों पर चुनाव जीत रही है। हालांकि यह सर्वे पुराना है। नए सर्वे में दो चार सीटें और बढ़ेगी।

जातिगत जनगणना पर हो फैसला  
उन्होंने कहा कि जब मैं विधानसभा अध्यक्ष था तो हमने जातिगत जनगणना (caste census) का प्रस्ताव मंजूर कराया था। महाराष्ट्र के बाद देश के अन्य राज्यों की विधानसभाओं ने भी यही प्रस्ताव पारित किया, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने जातिवार जनगणना नहीं कराई। अभी भी महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि ओबीसी का अधिकृत आंकड़ा नहीं है, इसलिए कोर्ट में यह मामला लंबित है। मराठा आरक्षण और धनगर आरक्षण का मुद्दा हल नहीं हुआ है। जब तक जातिगत सर्वेक्षण सामने नहीं आ जाता, तब तक इन विषयों का समाधान नहीं होगा। हमारे नेता राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की मांग की है और सरकार को इस पर तत्काल फैसला लेना चाहिए।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups