0 सुधीर मुनगंटीवार के जवाब से विपक्ष असंतुष्ट
0 नारेबाजी करते हुए विधानसभा से किया वॉकआउट
मुंबई। नवी मुंबई के खारघर में अप्पासाहेब धर्माधिकारी (Appasaheb Dharmadhikari) को महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार (Maharashtra Bhushan Award) देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में 14 लोगों की हुई मौत का मामला गुरुवार को विधानसभा में उठा। सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि यह गैर इरादतन हत्या का मामला नहीं है। अदालत भी इस मामले से जुड़ी याचिका खारिज कर चुकी है। मुनगंटीवार ने कहा कि विपक्ष इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर राजनीति कर रहा है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने वॉकआउट किया।
रायगड के इर्शालवाडी में हुई भूस्खलन की घटना पर हुई चर्चा की वजह से गुरुवार को प्रश्नोत्तर काल विलंब से शुरू हुआ। शिवसेना यूबीटी के अजय चौधरी ने सवाल पूछा कि खारघर की घटना में 14 लोगों की जान चली गई। इसकी पूरी जवाबदारी सरकार की है। कार्यक्रम आयोजित करने वाली कंपनी और सहायक कंपनी पर गुनाह दाखिल किया गया है? कई लोगों ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। साथ ही जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी मिलेगी?
इन सवालों के जवाब में सांस्कृतिक कार्य मंत्री सुधीर मुनगंटीवार (Sudhir Mungantiwar) ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राजनीति की जा रही है। यह गैर इरादतन हत्या का मामला नहीं बनता। अदालत ने भी इस संबंध में दायर याचिका को ठुकरा दिया है। सरकार की तरफ से कार्यक्रम का बेहतर ढंग से नियोजन किया गया था। एक भी श्री सदस्य ने व्यवस्था को लेकर शिकायत नहीं की थी। वहां भक्ति का सागर उमड़ा था।
राकांपा सदस्य जयंत पाटिल (Jayant Patil) ने कहा कि इस सवाल का जवाब गृह विभाग को देना चाहिए। जिस विभाग ने कार्यक्रम आयोजित किया, उसी विभाग का मंत्री जवाब दे रहा है। पाटिल ने कहा कि मामले की जांच के लिए गठित समिति 3 माह में अपनी रिपोर्ट नहीं दे सकी और समिति का कार्यकाल एक माह आगे बढ़ा दिया गया। इस सवाल पर भड़कते हुए मुनगंटीवार ने कहा कि इनकी नीयत खराब है, नीति खराब है। समिति प्रमुख ने ही मुद्दत बढ़ाने की मांग की थी। सरकार को वस्तुनिष्ठ रिपोर्ट मिले, इसके लिए मुद्दत बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि 306 एकड़ में लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। अगर पूरे परिसर में टेंट लगाया जाता तो लोगों का दम घुटने का डर था। साथ ही उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस होने की आशंका जताई थी, लेकिन तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग सत्ता के लिए सभागृह का उपयोग करते हैं। उन्होंने एक रुपए की मदद नहीं की। बाद में उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सवाल सांस्कृतिक कार्य मंत्री से पूछा गया है और वे ही इसका जवाब दे रहे हैं। मंत्री मुनगंटीवार के जवाब से विपक्ष संतुष्ट नहीं हुआ और सदन से वाकआऊट कर गया। चर्चा में बाला साहेब थोरात ने भी भाग लिया।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Jul 20 , 2023, 07:55 AM