० प्रदेश भाजपा ने मनाया पार्टी का 44वां स्थापना दिवस
० प्रदेश अध्यक्ष बावनकुले सहित कई मंत्री हुए शामिल
० फडणवीस सायन में आयोजित कार्यक्रम में हुए हाजिर
मुंबई। महाराष्ट्र भाजपा ने गुरुवार को पार्टी का 44वां स्थापना दिवस मनाया। नरीमन प्वाइंट स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले (Chandrashekhar Bawankule) ने झंडा फहराया और कार्यक्रम को संबोधित किया। वही सायन में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसाद लाड (Prasad Lad) के जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने शिरकत की। बावनकुले ने कार्यकर्ताओं को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में सभी 48 सीटें और राज्य विधानसभा की 200 सीटें जीतने का संकल्प दिलाया। फडणवीस ने कहा कि भाजपा का नाम समृद्धि और विश्वास का प्रतीक है।
बावनकुले ने कहा कि बेहद प्रतिकूल स्थिति में हजारों कार्यकर्ताओं ने जनसंघ और उसके बाद भाजपा की विचारधारा को बढ़ाने की कोशिश की। इन कार्यकर्ताओं के त्याग पर ही आज पार्टी खड़ी है। भाजपा की स्थापना करते वक्त अटल बिहारी वाजपेयी ने समृद्ध, विकसित, शक्तिशाली भारत का सपना देखा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटलजी के श्रेष्ठ भारत के सपने को प्रत्यक्ष रूप से साकार करने की दिशा में कदम उठाए हैं। इसी वजह से भारत विश्व में पांचवें क्रमांक की अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन के विभिन्न काम करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार के कार्यों को सर्वसामान्य लोगों तक पहुंचाने का काम करना होगा। तीन करोड़ नए सदस्य बनाने के अभियान को सफल करने और शिवसेना के साथ गठबंधन सहित लोकसभा की सभी 48 सीटें, विधानसभा की 200 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर करना चाहिए।
इस अवसर पर बावनकुले ने जनसंघ के समय से काम करने वाले राम नाईक, मुकुंदराव कुलकर्णी, मधु चव्हाण, कांताताई नलावडे, दिलीप गोडांबे, कर्नल चौधरी, कर्नल देशपांडे, अनंत मराठे, शैला पतंगे-सामंत, दिलीप हजारे, भरत कारंडे, श्रीपाद मुसले, बाबा कुलकर्णी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में बावनकुले ने आयुष्मान भारत सेल की ओर से आयोजित आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण किया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, श्रम मंत्री सुरेश खाडे, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कर्जतकर, चित्रा वाघ, राज पुरोहित, कृपाशंकर सिंह, प्रदेश महासचिव मुरलीधर मोहोल, मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
सायन सर्कल में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में उत्साह के साथ भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर फडणवीस ने झंडा फहराया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा का नाम समृद्धि और विश्वास का है। इस मौके पर उन्होंने दो एंबुलेंस का उद्घाटन किया। लाड ने कहा कि मी मुंबई अभियान प्रतिष्ठान अंतर्गत शुरू किए गए चलते-फिरते अस्पतालों के बेडे में इन एंबुलेंस को शामिल किया जाएगा। इस मौके पर मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष पवन त्रिपाठी भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शिरवाडकर, पूर्व नगरसेविका राजश्री शिरवाडकर, पूर्व नगरसेवक नेहल शाह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। बता दें कि छह अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई थी। वर्ष 1984 के लोकसभा चुनाव में भाजपा केवल दो सीटें जीतने में सफल रही थी, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 303 सीटों पर जीत हासिल की।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Apr 06 , 2023, 07:11 AM