मुंबई। मुंबई की अभी 1 करोड़ 25 लाख जनसंख्या है, वर्ष 2041 तक यह बढ़कर 1 करोड़ 70 लाख हो जाएगी। मुंबई को इस समय 6535 एमएलडी पानी की जरूरत है, मगर मिलता है सिर्फ 3850 एमएलडी पानी। मुंबई में आने वाले दिनों में पानी की बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। मनपा प्रशासन ने समुद्र का पानी मीठा करने की योजना जरूर बनाई है, लेकिन वह ऊंट के मुंह में जीरा जैसा है। मनपा ने पानी समस्या को दूर करने वाले गरगाई पिंजाल और दमन गंगा परियोजना (Ganga Project) को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। इस तरह का आरोप विधान परिषद में भाजपा विधायक राजहंस सिंह (Rajhans Singh) ने लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि समय रहते पानी की होने वाली समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो मुंबई में पानी एक बड़ी आफत बनकर खड़ा होगा। भाजपा विधायक के आरोप पर उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि गारगाई, पिंजाल और दमन गंगा तीनों ही महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट हैं, मनपा तीनों प्रोजेक्ट युद्ध स्तर पर पूरा करेगी। भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने विधान परिषद में मुंबई में पानी की बढ़ती समस्या पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि मुंबई की जनता को मनपा में पच्चीस साल तक सत्ता में रहने वाली शिवसेना ने लोगों को चौबीस घंटे पानी दिलाने का सपना दिखाया,लेकिन यहां पर लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंह ने आरोप लगाया कि मनपा गारगाई पिंजाल और दमन गंगा जैसे प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में डाल दिया,जबकि इससे 2901 एमएलडी पानी मिल सकता था। मनपा ने समुद्र के खारे पानी को मीठा करने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। जिससे मात्र 200 एमएलडी ही पानी मिल पाएगा यह प्रोजेक्ट बहोत ही खर्चीला है। राजहंस सिंह ने राज्य सरकार से गुहार लगाई कि सरकार मनपा को गारगाई,पिजाल और दमन गंगा प्रोजेक्ट को पूरा करे। जिससे मुंबई की जनता को पानी की समस्या से दूर किया जा सके। राजहंस सिंह ने कहा कि मुंबई में फिलहाल 3850 एम एल डी पानी उपलब्ध कराया जा रहा है,जबकि आज कि जनसंख्या के अनुसार 6535 एमएलडी पानी सप्लाई होना चाहिए। भाजपा विधायक के उठाए सवाल पर उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि गारगाई प्रोजेक्ट का डी पी आर तैयार हो चुका है। गारगई प्रोजेक्ट के लिए फॉरेस्ट और पर्यावरण विभाग की मंजूरी मिलना बाकी है। गारगाई प्रोजेक्ट से मुंबई की जनता को 450 एम एल डी पानी मिलेगा मनपा इस प्रोजेक्ट के लिए 3 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी।
इसी तरह पिंजाल प्रोजेक्ट (Pinjal Project) से 865 एम एल डी पानी मुंबई को मिलेगी। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए मनपा को 64 किमी दूरी तक टनल बनाया जाना है । जिसमे कुछ टेक्निकल प्रॉब्लम है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर 15 हजार करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा। इसी तरह दमन गंगा प्रोजेक्ट के लिए 5 हजार 500 करोड़ रुपए खर्च किया जाएगा और दमन गंगा से मुंबई को 1586 एम एल डी पानी मिलेगा। उदय सामंत ने कहा कि तीनों प्रोजेक्ट को पूरा करने का काम मनपा द्वारा युद्ध स्तर पर किया जाने का निर्देश दिया जाएगा। सामंत ने कहा कि मुंबई में पानी की समस्या न खड़ी हो इसके लिए तीनों प्रोजेक्ट पूरा करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 26 , 2023, 08:30 AM