1 लाख 40 हजार करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर होने का संभावना
शिंदे बड़े निवेशकों, उद्योगपतियों के समक्ष रखेंगे महाराष्ट्र की विजन
मुंबई। स्विट्जरलैंड के दावोस में होने वाले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (world economic forum) में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भाग लेंगे। इस दौरान तकरीबन 20 उद्योगों के साथ लगभग 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपए के एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। दावोस में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र से सामंजस्य करार किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री बुनियादी ढांचे और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में महाराष्ट्र की प्रगति के बारे में दुनिया भर के गणमान्य व्यक्तियों, निवेशकों और उद्योगों के प्रमुखों के साथ बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री 16 व 17 जनवरी को वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री उदय सामंत और वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। सम्मेलन 20 जनवरी तक चलेगा।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार 15 जनवरी को मुंबई से ज्यूरिख के लिए रवाना होंगे। सोमवार 16 जनवरी को दोपहर 1 बजे वे महाराष्ट्र पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। यह सुंदर और आकर्षक महाराष्ट्र पवेलियन दावोस में एक प्रमुख स्थान पर और भारतीय पवेलियन के सामने होगा। उसके बाद कुछ अहम उद्योगों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के सेंटर फॉर न्यू इकोनॉमी एंड सोसाइटी एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन के प्रमुख भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री शाम सवा सात बजे मुख्य स्वागत समारोह के लिए कांग्रेस सेंटर पहुंचेंगे। मंगलवार 17 जनवरी को मुख्यमंत्री लक्जमबर्ग के प्रधानमंत्री, जॉर्डन के प्रधानमंत्री, सिंगापुर के सूचना और दूरसंचार मंत्री, बैंक ऑफ जापान, सऊदी अरब के उद्योग और खान मंत्री और स्विस इंडिया चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ मुलाकात करेंगे। महाराष्ट्र पवेलियन में विभिन्न क्षेत्रों के नामी उद्योगों के साथ भी एमओयू साइन किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का संबोधन मंगलवार को दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर कांग्रेस केंद्र में होगा। इस अवसर पर वे शहरों के विकास के लिए बदलते परिवेश की चुनौतियों और पर्यावरण के अनुकूल सतत विकास पर बोलेंगे। मंगलवार रात 8 बजे महाराष्ट्र की तरफ से स्नेह भोज का आयोजन किया गया है। इसमें उद्योग, राजनीतिक सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रों के 100 से 150 हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री भी इसमें शामिल होंगे। इस मौके पर खास महाराष्ट्रीयन भोजन परोसा जाएगा। कोरोना के चलते वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की पिछली दो बैठकें ऑनलाइन हुई थीं। वर्ष 2022 की बैठक जनवरी की बजाय मई में हुई। इस पृष्ठभूमि में अब होने वाली बैठक में उद्योग विभाग ने महाराष्ट्र की अच्छी छाप छोड़ने की पूरी तैयारी की है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समय-समय पर तैयारियों की समीक्षा की और महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
1971 में हुई थी वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की स्थापना
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम एक निजी संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1971 में हुई थी। इस संस्था का मुख्यालय स्विट्जरलैंड (Switzerland) की राजधानी जेनेवा में है। इस संगठन को एक अंतरराष्ट्रीय संगठन के रूप में मान्यता प्राप्त है। इस संगठन का मिशन वैश्विक क्षेत्रीय और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक व्यापार, राजनीति, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों के व्यक्तियों को एक साथ लाना है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की तरफ से आमंत्रित लोग इसमें भाग ले सकते हैं। इस सम्मेलन में लगभग 2500 लोग भाग लेते हैं। इसमें दुनिया भर के प्रमुख उद्योगपति, व्यवसायी और अर्थशास्त्री शामिल हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Jan 12 , 2023, 07:25 AM