अब तक परियोजना का 90 फीसदी काम पूरा
मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने बुधवार को कहा कि मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक यानी एमटीएचएल परियोजना का काम 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इस समुद्री मार्ग को इसी साल नवंबर में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। शिंदे ने कहा कि देश का यह सबसे लंबा समुद्री मार्ग ओपन रोड टोलिंग प्रणाली वाला देश का पहला मार्ग है। शिंदे की उपस्थिति में बुधवार को परियोजना के पैकेज 2 का पहला सबसे लंबा ऑर्थोट्रॉपिक स्टील डेक (लगभग 180 मीटर लंबा और लगभग 2,300 मीट्रिक टन वजन) को खड़ा किया गया। इस मौके पर मुंबई शहर के पालक मंत्री दीपक केसरकर, मंत्री दादाजी भुसे, संजय राठौड़, सांसद राहुल शेवाले, एमएमआरडीए (MMRDA) के महानगर आयुक्त श्रीनिवासन, अपर आयुक्त गोविंदराज (Additional Commissioner Govindraj) आदि मौजूद थे।
20 मिनट में मुंबई से अलीबाग
इस समुद्री मार्ग से मुंबई से अलीबाग की दूरी मात्र पंद्रह से बीस मिनट में तय की जा सकेगी। यह पर्यावरण के अनुकूल समुद्री राजमार्ग है और इसके निर्माण में विश्वस्तरीय तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस राजमार्ग पर टोल चुकाने के लिए रुकने की जरूरत नहीं होगी। शिंदे ने कहा कि ओपन रोड टोलिंग सिस्टम वाली यह देश की पहली सड़क होगी।
परियोजना के तहत समुद्र में उठाए जाने वाले कुल 70 ऑर्थोट्रॉपिक स्टील डेक स्पैन में से कुल 36 स्पैन पूरे हो चुके हैं। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण द्वारा मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक की महत्वाकांक्षी परियोजना वर्तमान में प्रगति के पथ पर है। परियोजना का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक शिवड़ी और न्हावा शेवा को जोड़ने वाला लगभग 22 किमी लंबा 6 स्तरीय (3+3 लेन) पुल है। इस पुल की समुद्र की लंबाई करीब 16.5 किमी है और जमीनी पुल की कुल लंबाई करीब 5.5 किमी है।
जहाजों के परिवहन के लिए लंबे स्पैन
मुख्य पुल की संरचना 60 मीटर लंबी है, जिसमें मुख्य रूप से सेगमेंटल बॉक्स गर्डर्स और कंक्रीट डेक शामिल हैं। एमटीएचएल की एक प्रमुख विशेषता समुद्री नेविगेशन क्षेत्र में स्टील डेक है, जिसे तकनीकी रूप से ऑर्थोट्रॉपिक स्टील डेक कहा जाता है। समुद्री जहाजों के सुरक्षित परिवहन के लिए ये लंबे स्पैन समुद्र तल से करीब 25 मीटर ऊपर बनाए जा रहे हैं, इसलिए इस स्पैन को नेविगेशन स्पैन के रूप में जाना जाता है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 11 , 2023, 08:35 AM