ठाकरे गुट के सांसद संजय राऊत का बड़ा दावा
मुंबई। उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना सांसद संजय राऊत (Sanjay Raut) ने बड़ा दावा किया है कि महाराष्ट्र की शिंदे-फडणवीस सरकार (Shinde-Fadnavis government) वेंटिलेटर पर है और यह फरवरी महीना नहीं देख पाएगी।
नाशिक में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राऊत ने कहा कि तस्वीर धीरे-धीरे बदल रही है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही है, लेकिन इसके पहले बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर हमारी न्याय व्यवस्था पर दबाव नहीं डाला गया तो मुझे यकीन है कि शिंदे-फडणवीस सरकार फरवरी महीना नहीं देख पाएगी। मुझे नहीं लगता कि न्याय पालिका पर कोई दबाव होगा। संविधान, नियम-कानून का उल्लंघन करने वाली यह सरकार फरवरी में गिर जाएगी। उन्होंने कहा कि 16 विधायक अयोग्य घोषित किए जाएंगे। इस मामले में विलंब की नीति अपनाई गई है। सरकार वेंटिलेटर पर है और उसे सुप्रीम कोर्ट ने हटा दिया तो इसका ''हे-राम'' हो जाएगा। कोई भी उनके साथ नहीं रहेगा। अब इस सरकार को कब उखाड़ फेंका जाएगा और कब चुनाव होंगे, जनता इसकी प्रतीक्षा कर रही है। शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार की बौखलाहट को करीब से देखा जा सकता था। हर दिन एक मंत्री के भ्रष्टाचार का मामला सामने आया, लेकिन यह सरकार गैंडे की खाल ओढ़कर बैठी है। उन्होंने कहा कि इस राज्य में सरकार नहीं है।
राऊत ने कहा कि अधिवेशन के दौरान कई मामले सामने आने के बावजूद सरकार पानी में भैंस की तरह बैठी रही और विपक्ष को जिम्मेदार बताने का काम करती रही। पहले हाईकोर्ट की फटकार के बाद मंत्री इस्तीफा देते थे, लेकिन एक ही अधिवेशन में मुख्यमंत्री सहित 6 मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के सबूत रखे गए, लेकिन सरकार मूर्खों की तरह बैठी है। राऊत ने शिंदे को ताना मारते हुए कहा कि यह सरकार 40 विधायकों के लिए है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना एक ही है। गट-तट अस्थाई है। शिवसेना की स्थापना बाला साहेब ठाकरे ने की थी। उसी शिवसेना का नेतृत्व उद्धव ठाकरे कर रहे हैं। हमारे साथ संपूर्ण महाराष्ट्र के लोग उनके साथ हैं। शिवसेना एक महावृक्ष है, उसके बीज बाला साहेब ने रोपे थे। महावृक्ष फलता-फूलता और बढ़ता है, उससे कचरा भी पैदा होता है, यह कचरा मुख्यमंत्री निवास स्थल तक ले जाया जा रहा है। उसके सामने मुख्यमंत्री भाषण करते हैं, कचरा आग लगाने के लिए होता है, इससे ज्यादा समय तक धुआं नहीं निकलता।
ठाकरे गुट के सभी विधायक शिंदे गुट में आएंगे: शिरसाट
शिंदे गुट के विधायक संजय शिरसाट ने दावा किया कि अगले 8 से 10 दिनों में उद्धव ठाकरे गुट के सभी विधायक हमारे साथ आ जाएंगे। संजय राऊत पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि रोज सुबह 9:30 बजने वाले भोंगे से जनता ऊब चुकी है। हम जमीनी स्तर पर काम करते हैं। पार्टी में जिन विधायकों-कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव लड़ना है, उन्हें जानकारी है कि यदि ऐसे ही शोर-शराबे में बैठे रहे तो चुनाव लड़ने की मन स्थिति में नहीं रहेंगे। शिरसाट ने कहा कि जब पार्टी में बगावत हुई थी, उस वक्त मैंने गुवाहाटी से प्रतिक्रिया दी थी कि उद्धव ठाकरे को गुमराह करने वाले लोगों की वजह से ही शिवसेना खत्म हो रही है। आज भी कुछ ऐसा ही चल रहा है। खुद को चमकाने के लिए पार्टी का उपयोग किया जा रहा है। ये लोग कौन है? उन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया है? क्या वे जानते हैं कि जमीनी स्तर पर चुनाव कैसे लड़ा जाता है? बता दें कि शिवसेना के 40 विधायक और 12 सांसद शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Jan 07 , 2023, 06:57 AM