मजदूरों का साथ मिला तो केंद्र में कांग्रेस सरकार

Fri, Jan 06 , 2023, 07:29 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

इंटक के राज्य स्तरीय अधिवेशन में बोले नाना पटोले
केंद्र सरकार ने मजदूरों के अधिकार खत्म किए
मुंबई।
पनवेल में इंटक के राज्य स्तरीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने केंद्र में फिर से कांग्रेस की सरकार लाने के लिए मजदूरों से साथ देने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मालिकों के हित में कानून बनाकर मजदूरों के अधिकारों को खत्म कर दिया है। पटोले ने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र में कांग्रेस सरकार आएगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में कई बड़े आश्वासन देने के बाद नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को सत्ता मिली। हर साल 2 करोड़ रोजगार, हर व्यक्ति के खाते में 15 -15 लाख रुपए, एक देश-एक कर, किसानों की आय दोगुनी करने का प्रलोभन देने पर जनता ने भाजपा को बहुमत से सत्ता में बिठाया, लेकिन सत्ता हाथ में आने के बाद भाजपा सरकार ने प्रसार माध्यम को कब्जे में लेकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को खत्म करने का काम किया। प्रशासनिक व्यवस्था पर दवाब बनाया गया। न्यायपालिका की स्थिति भी अलग नहीं है। 
कृषि और किसानों को अलग-थलग करने के लिए तीन काले कानून लाने की योजना बनाई, लेकिन कांग्रेस ने पूरे देश में आवाज उठाई, किसानों के आंदोलन का समर्थन किया और आखिरकार मोदी सरकार को काले कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे कानून थे, जो श्रमिकों को विभिन्न रियायतें, अधिकार और विशेषाधिकार देते थे, लेकिन उन्हें काफी हद तक बदल दिया गया और ऐसे कानून लाए गए जो मालिकों के हित साधने वाले और श्रमिकों को उद्योगपतियों का गुलाम बनाने वाले हैं। इस श्रम कानून ने सब कुछ मालिकों के हाथ में दे दिया है।
पटोले ने कहा कि मजदूरों में भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ भारी असंतोष है। मजदूर मेहनत से गुजारा करता है, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। मोदी सरकार ने अपने उद्योगपति मित्रों का 10.50 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया और मजदूरों के हितों की अनदेखी की। मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए भाजपा के पास कोई योजना नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों को एक साथ लाने, लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए राहुल गांधी 3500 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। मजदूरों की बड़ी ताकत है। इंटक सबसे महत्वपूर्ण मजदूर संगठन है। इस संगठन का नेटवर्क सभी जगह पर है। यह ताकत कांग्रेसी पार्टी के पक्ष में खड़ी की जाए। पटोले ने कहा कि मुझे विश्वास है कि महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार आएगी। नाना पटोले ने यह भी अपील की कि यदि श्रम बल की ताकत हमारे साथ खड़ी रही तो हम केंद्र में कांग्रेस की सत्ता फिर से लेकर आएंगे, इसके लिए एक साथ मिलकर काम करना होगा।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups