नियुक्ति के लिए नए पद बनाया गया
मुंबई। उपमुख्यमंत्री (deputy chief minister) और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Home Minister Devendra Fadnavis) के करीबी माने जाने वाले भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी देवेन भारती को मुंबई का विशेष पुलिस आयुक्त बनाया गया है। खास बात यह है कि देवेन भारती (Deven Bharti) के लिए नया पद सृजित किया गया है। हालांकि सरकार की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि विशेष पुलिस आयुक्त का पद मुंबई पुलिस आयुक्त के अधीन रहेगा। देवेन भारती के पास संयुक्त पुलिस आयुक्तों के कार्यों पर निगरानी का अधिकार होगा, ऐसे में मुंबई पुलिस बल में यह पद प्रभावी होगा। फिलहाल आईपीएस अधिकारी विवेक फणसलकर मुंबई के पुलिस आयुक्त हैं।
फडणवीस सरकार के कार्यकाल यानी 2014 से 2019 के बीच देवेन भारती मुंबई पुलिस बल के सबसे प्रभावशाली अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे। उनका नाम फडणवीस की गुड बुक वाले अधिकारियों की सूची में था, उस वक्त वे संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) थे। इसके बाद वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) के पद पर प्रोन्नत होकर आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) में भेज दिए गए। भारती को 2019 में महाविकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम का संयुक्त प्रबंध निदेशक बना दिया गया, जो अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण पद माना जाता है। जून माह में नई सरकार के गठन और फडणवीस के गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद से माना जा रहा था कि देवेन भारती को महत्वपूर्ण पद दिया जाएगा।
पिछले महीने 13 दिसंबर 2022 को भारती के स्थान पर संयुक्त आयुक्त (यातायात) राजवर्धन को नियुक्त कर दिया गया और उसके बाद से भारती नई नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। एटीएस के पूर्व प्रमुख विनीत अग्रवाल, ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पूर्व प्रमुख प्रभात कुमार भी प्रतीक्षा सूची में हैं। वहीं मुंबई विशेष पुलिस आयुक्त का नया पद सृजित करने पर महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे ने ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई विशेष पुलिस आयुक्त पद गलत है और यह पद बनाकर गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस अपनी समानांतर प्रशासन व्यवस्था चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 04 , 2023, 08:11 AM