जशपुर: छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत धरधरी गांव स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर (Bamhani Mata Temple) में अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ और धार्मिक प्रतीकों के अपमान की घटना (Desecration of Religious Symbols) सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अज्ञात आरोपियों ने मंदिर परिसर में घुसकर वहां स्थापित प्राचीन मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया और उन्हें इधर-उधर फेंक दिया। इसके अलावा माता रानी की चुनरी और धार्मिक ध्वज (झंडा) को भी आग के हवाले कर दिया गया। सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और तत्काल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के ग्रामीणों और संभावित चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए इलाके में गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और सर्व हिंदू समाज के पदाधिकारियों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
बजरंग दल मनोरा के अध्यक्ष रामदास यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया है कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई है तथा डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Apr 06 , 2026, 04:22 PM