म्यूनिख: रिलायंस जियो (Reliance Jio) समेत अफ्रीका, एशिया, यूरोप और उत्तरी अमेरिका की 15 अग्रणी प्रौद्योगिकी कंपनियों ने 'ट्रस्टेड टेक एलायंस' (Trusted Tech Alliance) (टीटीए) के गठन की घोषणा की है। जियो ने शनिवार को बताया कि यह गठबंधन संचार सुविधा, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, सॉफ्टवेयर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तक फैले टेक्नोलॉजी स्टैक के लिए भरोसेमंद और सत्यापित मानक विकसित करने के लिए साथ आये हैं। एलायंस में भारत की ओर से जियो प्लेटफॉर्म्स शामिल है। जर्मनी में आयोजित म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान इस एलायंस का ऐलान किया गया।
गठबंधन के संस्थापक सदस्यों में अमेजन, वेब सर्विसेज, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल क्लाउड, एरिक्सन, नोकिया, एसएपी और एनटीटी जैसी कुल 15 कंपनियां शामिल हैं। भविष्य में और कंपनियों को इससे जोड़ा जायेगा तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी संप्रभुता, प्रतिस्पर्धात्मकता और लचीले डिजिटल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम जारी रहेगा।
लॉन्च के मौके पर जियो प्लेटफॉर्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) किरण थॉमस ने कहा, "विश्व स्तर पर डिजिटल विकास को गति देने के लिए भरोसेमंद, सुरक्षित और पारदर्शी प्रौद्योगिकी जरूरी है। जियो प्लेटफॉर्म्स को टेक्नोलॉजी स्टैक में साझा मानक और सत्यापित किए जा सकने वाले तौर-तरीकों को आगे बढ़ाने के लिए 'ट्रस्टेड टेक एलायंस' में शामिल होने पर गर्व है। इस पहल के जरिये हम वैश्विक साझेदारों के साथ मिलकर अगली पीढ़ी की संचार सुविधा, क्लाउड और एआई प्रणालियों में दीर्घकालिक भरोसा कायम करना चाहते हैं।"
माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयर और प्रेसिडेंट ब्रैड स्मिथ ने कहा कि मौजूदा वैश्विक माहौल में समान सोच वाली कंपनियों का साथ आना जरूरी है, ताकि सीमाओं के पार तकनीक में भरोसा और उच्च मानक कायम रह सके। एरिक्सन के सीईओ बोर्ये एकहोम ने कहा कि कोई एक कंपनी या देश अकेले सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल ढांचा नहीं बना सकता, इसके लिए वैश्विक सहयोग अनिवार्य है।
एलायंस के तहत सदस्य कंपनियों ने पांच प्रमुख सिद्धांतों पर सहमति जताई है। इनमें पारदर्शी कॉरपोरेट प्रशासन और नैतिक आचरण, सुरक्षित विकास प्रक्रिया और स्वतंत्र मूल्यांकन, मजबूत सप्लाई चेन व सुरक्षा निगरानी, खुला और सहयोगात्मक तथा लचीले डिजिटल पारितंत्र को बढ़ावा देना और कानून के अनुरूप डेटा सुरक्षा का सम्मान शामिल है। इन सिद्धांतों के माध्यम से कंपनियां यह सुनिश्चित करेंगी कि तकनीक सुरक्षित, विश्वसनीय और जिम्मेदारी के साथ संचालित हो, चाहे उसका विकास या उपयोग कहीं भी हो।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Feb 16 , 2026, 08:55 AM