Vishnudev Sai: सीएम विष्णुदेव साय ने राजीव लोचन मंदिर में पूजा-अर्चना की, कहा- अस्मिता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है मंदिर!

Mon, Feb 16 , 2026, 07:57 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

रायपुर: छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मनगरी राजिम में आयोजित राजिम कुंभ कल्प 2026 के समापन अवसर पर प्राचीन एवं ऐतिहासिक राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान राजीव लोचन के श्रीचरणों में नमन करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पावन तीर्थ सनातन आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है।

इसके पश्चात उन्होंने त्रिवेणी संगम के मध्य स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है। मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य महाआरती में शामिल हुए। 

वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और दीपों की ज्योति से आलोकित वातावरण ने संगम क्षेत्र को दिव्यता से भर दिया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक महानदी मैया की आरती उतारकर छत्तीसगढ़ की उन्नति और समृद्धि की प्रार्थना की। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की अस्मिता और पहचान का प्रतीक पर्व है। “छत्तीसगढ़ का प्रयाग” कहे जाने वाले राजिम की पावन भूमि महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के त्रिवेणी संगम के कारण विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने राजिम में सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला निर्माण हेतु 50 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही राजिम बैराज कार्य शीघ्र प्रारंभ करने और पूर्व में प्रस्तावित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में मेला-स्थल को और अधिक सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाया जाएगा तथा इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित आध्यात्मिक आयोजन के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव त्याग, संयम और सेवा के प्रतीक हैं, जिनका संदेश आज के युग में संतुलन और समर्पण का मार्ग दिखाता है। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवागमन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups