Telangana Municipal Elections: कांग्रेस की 'ऐतिहासिक' जीत; 90 से अधिक पालिकाओं और 5 नगर निगमों पर कब्जा!

Sat, Feb 14 , 2026, 07:42 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

हैदराबाद: तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने शुक्रवार को घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी ने राज्य में हुए नगर निकाय के चुनावों में 90 से 94 नगर पालिकाओं और 5 नगर निगमों में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। यहां गांधी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि कांग्रेस 83 नगर पालिकाओं और 5 निगमों में आधिकारिक तौर पर जीत चुकी है, जबकि कुछ स्थानों पर परिणाम अभी आने बाकी हैं। 

राज्य में कुल 116 नगर पालिकाओं और 7 नगर निगमों के लिए मतदान हुआ था। विक्रमार्क ने उम्मीद जताई कि पूर्ण परिणाम आने तक पार्टी की सीटों की संख्या में और इजाफा होगा। राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 1,500 से अधिक वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि प्रमुख विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) दूसरे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरे स्थान पर रहे हैं।

राज्य में कोठागुडेम, करीमनगर, महबूबनगर, मंचेरियल, निज़ामाबाद, नलगोंडा और रामागुंडम जैसे प्रमुख निगमों के लिए चुनाव हुए थे, जिनमें से कांग्रेस ने पांच में स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि दो नगर निगमों में त्रिशंकु की स्थिति बनी है, जहां भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला है। इन परिणामों को 'ऐतिहासिक' बताते हुए श्री विक्रमार्क ने कहा कि करीब दो दशकों के बाद शहरी स्थानीय निकायों में कांग्रेस को इतनी बड़ी सफलता मिली है। 

उन्होंने कहा कि शहरी मतदाताओं ने विपक्ष के 'भ्रामक विमर्श' को नकारते हुए विकास और जन कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, यह जनादेश सरकार के प्रदर्शन पर जनता की मुहर है। उपमुख्यमंत्री ने बीआरएस और भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मतदाताओं ने उनके "झूठे प्रचार" को खारिज कर दिया है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups