उधमसिंहनगर। उत्तराखंड की केबिनेट मंत्री रेखा आर्य (Cabinet Minister Rekha Arya) ने रविवार को कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम (Rural) के मुकाबले विकसित भारत-रोज़गार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए गारंटी (VB G Ramji) विधेयक हर तरीके से बेहतर है और इसे 20 साल के अनुभव से मिली सीख के आधार पर तैयार किया गया है। कांग्रेस सिर्फ इसलिए इस योजना की आलोचना कर रही है क्योंकि राम के नाम से उसका विरोध बहुत पुराना है। आर्या ने यह बात उधमसिंह नगर के नानकमत्ता में वीबी जी रामजी योजना के जन जागरण को लेकर आयोजित जिला सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि 100 के बजाय अब 125 दिन रोजगार की गारंटी, रोजगार न मिलने की स्थिति में भत्ता देने और साप्ताहिक डिजिटल भुगतान जैसे प्रावधान इस योजना को बेहतर बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि फसलों की कटाई और बुवाई के सीजन में इस योजना के तहत सार्वजनिक काम 60 दिन के लिए रोक दिए जाएंगे ताकि श्रमिक कृषि कार्य में भी काम कर सकें और इस योजना के तहत भी उनके लिए रोजगार के अवसर न छूटें। केबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना के जरिए अब सुनियोजित लक्ष्य के साथ निर्माण कार्य होंगे और यह योजना गांवों को 2047 के विकसित भारत में सहयात्री बनाएगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम सिंह दुरना, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Feb 01 , 2026, 06:50 PM