मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने बुधवार को कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (MNS) में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) के नेतृत्व वाली शिवसेना को अपना समर्थन दे दिया है। इस कदम से महापौर पद पर दावा ठोकने के लिए शिवसेना की स्थिति और मजबूत हो गई है। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी द्वारा कल्याण-डोंबिवली में शिवसेना सहित सत्तारूढ़ महायुति के खिलाफ निकाय चुनाव लड़ने के कुछ ही दिनों बाद आए इस फैसले ने राज्य भर में शिवसेना (यूबीटी) के साथ इसके गठबंधन के स्थायित्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही यह भी चर्चा शुरू हो गई है कि क्या यह नागरिक निकाय में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता से बाहर रखने की एक कोशिश है।
श्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को समर्थन देने के मनसे के फैसले ने न केवल भाजपा, बल्कि शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी हैरान कर दिया है। उल्लेखनीय है केडीएमसी चुनाव के नतीजों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। केडीएमसी में 31 वार्डों में पार्षदों की कुल संख्या 122 है। हालिया चुनावों में शिवसेना 53 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि भाजपा 50 सीटों के साथ उसके बेहद करीब है। शिवसेना (यूबीटी) ने 11 सीटें जीती हैं, मनसे ने पांच, कांग्रेस ने दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) ने एक सीट हासिल की है। शिवसेना साधारण बहुमत के 62 के आंकड़े से नौ सीटें दूर है, जबकि भाजपा 12 सीटों से पीछे है। मनसे के पांच पार्षदों के समर्थन के साथ अब शिंदे सेना के पास 58 पार्षदों का बल हो गया है। इसके अलावा शिवसेना (यूबीटी) के भी कुछ पार्षदों के शिवसेना से संपर्क में होने की खबरें हैं, जिससे स्थानीय समीकरणों में बड़ा उलटफेर होने की संभावना है।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jan 21 , 2026, 08:58 PM