देश-प्रदेश की खबरें : बैतूल में स्कूल बस-तूफान की टक्कर में छात्रा की मौत, 11 बच्चे घायल; जमुई में ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत

Wed, Jan 21 , 2026, 01:00 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

Breaking News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आज सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे (horrific road accident) में एक छात्रा की मौत हो गई। जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर भैंसदेही थाना क्षेत्र में एक स्कूल बस (school bus collided with  SUV) सामने से आ रहे तूफान वाहन से टकरा गई। घटना पूर्णा नदी के पास हुई, जहां टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में कक्षा तीसरी की छात्रा हर्षिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 बच्चे घायल हो गए। इनमें से चार बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर बच्चों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। हादसे में बस चालक को भी चोटें आई हैं। टक्कर के बाद तूफान वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीओपी भूपेंद्र सिंह मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश जारी है। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

जमुई में ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
जमुई:
बिहार में जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की हुई मौत से आक्रोशित लोगों ने बुधवार की सुबह मलयपुर–लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर यातायात बाधित कर दिया। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मनुष्यघटा विशनपुर पुल के समीप मंगलवार देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार एक्य युवक की मौत हो गई, जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान नूमर गांव निवासी रंजीत यादव के रूप में हुई है। रंजीत अपने दोस्त लव कुमार के साथ बाइक से जा रहा था, तभी मनुष्यघटा विशनपुर पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि हादसे के बाद बुधवार सुबह आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव के साथ नूमर चौक के समीप मलयपुर–लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। 

अमृतसर में अवैध हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर:
 पंजाब में अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने पाकिस्तान-आधारित तस्करों से जुड़े सीमा पार अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि मॉड्यूल के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो कारतूसों के साथ छह आधुनिक पिस्तौल (दो ग्लॉक, चार .30 बोर) बरामद की हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियारों की तस्करी और विदेशी हैंडलर के निर्देश पर गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करने में शामिल थे। इस संबंध में शस्त्र अधिनियम के तहत पुलिस थाना इस्लामाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आगे की जांच जारी है।

पेपर बैलेट प्रणाली में वापसी को लेकर अशोका ने कर्नाटक सरकार की आलोचना की
बेंगलुरु:
 कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने बृहत बेंगलुरु प्राधिकरण के चुनावों के लिए पेपर बैलेट पर वापस लौटने के राज्य सरकार के फैसले की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि यह कदम मतदाताओं के भरोसे को कमजोर करता है और शहर की तकनीकी विरासत के लिए खतरा पैदा करता है।अशोक ने कहा कि कांग्रेस सरकार का यह फैसला चुनावी सुधार या निष्पक्षता के बजाय डर और राजनीतिक असुरक्षा को दिखाता है। उन्होंने कहा, "बेंगलुरु भारत की टेक कैपिटल है और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ( ईवीएम बनाती है) का घर है। भारत की सिलिकॉन वैली के तौर पर दुनिया भर में मशहूर इस शहर को अब कांग्रेस शासन में पिछड़ रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब लोगों का भरोसा खो देती है, तो वह शक पैदा करने की कोशिश करती है, संस्थानों को कमजोर करती है, और हार की आशंका में चुनावी प्रक्रिया के नियम बदल देती है। उन्होंने कहा कि ईवीएम पर पूरे देश में भरोसा किया जाता है और इसने कर्नाटक सहित कई राज्यों में कांग्रेस को जीत दिलाने में मदद की है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पारदर्शिता, तकनीक और लोगों के फैसले से डरती है।" उन्होंने कहा कि कर्नाटक प्रगति और बेंगलुरु राजनीतिक असुरक्षा के बजाय गर्व का हकदार है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups