Sports Haryana: खेलों में हरियाणा सुपर पावर, सबसे ज्यादा पदक हमारे खिलाड़ियों के पास: पंवार

Sun, Aug 31 , 2025, 07:18 PM

Source : Uni India

सोनीपत। हरियाणा के पंचायती राज एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार  (Krishan Lal Panwar) ने रविवार को कहा कि खेलों में सुपर पावर है हरियाणा, ओलंपिक हो या एशियाड सबसे ज्यादा पदक हमारे खिलाड़ियों के पास ही आते हैं। पंवार ने आज यहां सेक्टर-4 स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मेजर ध्यानचंद की जयंती खेल दिवस कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को खेल दिवस (Sports Day) की बधाई दी और राज्य सरकार की खेल नीतियों एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेलों में सुपर पावर है हरियाणा, ओलंपिक हो या एशियाड सबसे ज्यादा पदक हमारे खिलाड़ियों के पास ही आते हैं।

इससे पूर्व उन्होंने खेल दिवस के उपलक्ष्य में नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत आयोजित साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि आज तेज बारिश के कारण भी सैकड़ों की संख्या में यहां पहुंचे युवाओं के जज्बा और जनून दिखाता है कि आने वाले भारत का भविष्य स्वर्णिम है और इन्ही युवाओं की शक्ति से हमारा देश वर्ष 2047 तक विकसित बनेगा और क्षेत्र में अपनी नई उठान भरेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का नाम आते ही हमारे सामने हॉकी के अद्भुत कौशल और गोल की छवि उभरती है। उनका जीवन संघर्ष और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने सिद्ध किया कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और टीम भावना का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Chief Minister Naib Singh Saini) के नेतृत्व में हरियाणा में खेलों के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे का विकास हुआ है। राज्य में एक हजार 489 खेल नर्सरियां संचालित है और उनमें 37 हजार 225 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनमें 593 करोड़ रुपये की लागत से 298 खेल स्टेडियम और 224 खेल विहार निर्मित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ लागू किया गया है। ओलंपिक विजेताओं को क्रमश: 6 करोड़, 4 करोड़ और 2.5 करोड़ तक पुरस्कार राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नौ बेटियां भारतीय टीम में चयनित हुई हैं। 15,634 खेल नर्सरियों में महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा है। भविष्य की योजनाएं बताते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं का विस्तार और खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद ने भारतीय हॉकी को जिस ऊंचाई पर पहुंचाया, वह हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) जी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में खेलों का स्वर्णिम अध्याय लिखा जा रहा है। हरियाणा आज खेलों में अग्रणी है और आने वाले समय में इसे खेल शक्ति के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाड़ी केवल पदक ही नहीं जीत रहे, बल्कि भारत का मान और गौरव भी बढ़ा रहे हैं। हरियाणा की मिट्टी से निकलने वाले खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है। हमें उन्हें प्रोत्साहन और संसाधन देने का कार्य लगातार करना है। भाजपा सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कि प्रधानमंत्री ने अपने देश के खिलाड़ियों को एक लक्ष्य दिया है कि जब 2036 में ओलंपिक खेल होंगे तक हमारे देश के गोल्ड मेडल भी 36 से अधिक होंगे। प्रधानमंत्री के इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए हरियाणा के खिलाड़ी दिन-रात मेहनत कर रहे है और सरकार भी उन्हें अच्छी सुविधाएं मुहैया करवा रही है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups