अलवर: केंद्रीय खेल एवं युवा मामले और श्रम-रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया (Mansukh Mandaviya) ने शुक्रवार को कहा कि ‘खेलो इंडिया फिट इंडिया’ के माध्यम से गांव-ढाणी तक की खेल प्रतिभाओं को भी सुविधाएं प्रदान करने के लिए खेलों का तंत्र तैयार किया गया है। मांडविया आज यहां प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम अलवर सांसद खेल उत्सव में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया का शुभारंभ करने के बाद सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में खेलो भारत नीति लाई गई है, जिसमें पुरूषों के साथ-साथ महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को भी खेलों में समान अवसर मिल रहे हैं। माेदी ने भारत को खेलों के क्षेत्र में अगले दस वर्ष में दुनिया के शीर्ष 10 देशों में शामिल करने का लक्ष्य रखा है और आजादी की शताब्दी वर्ष तक शीर्ष पांच देशों में शामिल करने का लक्ष्य दिया है। नयी खेल नीति खेल एवं खिलाड़ियों को मजबूत करेगी। मांडविया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा खेलों में सुधारों को बढावा दिया जा रहा है, जिसके तहत खेलों के लिए संसद में सुशासन विधेयक पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़कर देश के सभी नागरिक स्वस्थ रह सकते हैं जिससे देश उत्तरोतर प्रगति करेगा।
अलवर सांसद खेल उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि श्री भूपेन्द्र यादव द्वारा शुरू किए गए खेलों के इस महोत्सव की गूंज नई दिल्ली तक सुनी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के दल द्वारा अलवर सांसद खेल उत्सव के आयोजन के दौरान उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को तलाशा जाएगा। साथ ही चयनित खेल प्रतिभा के प्रशिक्षण सहित अन्य सभी व्यय साई द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान साई के प्रशिक्षकों के साथ ओलम्पिक में प्रतिभागी रहे एथलीट्स को भी यहां भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अलवर में हॉकी के लिये 10 करोड़ रुपये की लागत से हॉकी एस्ट्रोटर्फ बिछाया जायेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया मूवमेंट से प्रेरणा लेकर अलवर में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए अलवर सांसद खेल उत्सव को प्रारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार खेलों की मजबूती के लिए खेलों के तंत्र को बढ़ावा दे रही है। खेल सदियों से हमारी परंपराओं में जुड़े रहे और खेलों के माध्यम से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास संभव है।
वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव एवं खेल प्रशिक्षण के माध्यम से जिले की ग्रामीण एवं शहरी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करके उनके खेलों को निखारने का मंच प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि श्री यादव के नेतृत्व में अलवर शहर में खिलाडियों की सुविधाओं में विस्तार करते हुए सात करोड़ रुपये की लागत से एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक बनवाया जाएगा, जिसके लिए नगर विकास न्यास (यूआईटी) ने टेंडर जारी कर दिए हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Aug 30 , 2025, 08:39 AM