Sona Ram Choudhary Death: पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम चौधरी का निधन!

Fri, Aug 22 , 2025, 08:46 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

जैसलमेर: बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद एवं कद्दावर नेता कर्नल सोनाराम चौधरी का बुधवार देर रात निधन हो गया। वह करीब 80 वर्ष के थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौधरी दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गये थे लेकिन सीने में दर्द होने पर उन्हें देर रात अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनका ऑपरेशन हुआ। इसके बाद उन्होंने खुद को स्वस्थ्य बताते हुए एक पोस्ट भी शेयर की थी। इसके बाद देर रात ग्यारह बजे बाद उनका निधन हो गया।

कर्नल चौधरी का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ जब बाड़मेर स्थित उनके निवास पर पहुंचा तो बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए। इस दौरान “कर्नल सोनाराम चौधरी अमर रहें” के नारे गूंज उठे। दूर-दराज ग्रामीण अंचलों और बॉर्डर क्षेत्र से लोग अपने किसान नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उनके बाड़मेर निवास पर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, बायतु विधायक हरीश चौधरी, चौहटन विधायक आदुराम मेघवाल, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, पूर्व विधायक रूपा राम मेघवाल, पूर्व विधायक मदन प्रजापत समेत कांग्रेस, भाजपा के कई नेता सहित बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन करने पहुंचे तथा उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद अपराह्न चार बजे पार्थिव शरीर जैसलमेर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव मोहनगढ़ के लिए रवाना किया गया और रास्ते में जगह-जगह लोग अपने नेता को अंतिम विदाई देने खड़े नजर आए। कर्नल चौधरी का अंतिम संस्कार शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे मोहनगढ़ गांव में सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। कर्नल चौधरी के परिवार में उनकी पत्नी विमला चौधरी और एक पुत्र डा रमन चौधरी हैं। गौरतलब है कर्नल चौधरी वर्ष 1996, 1998 और 1999 में लगातार तीन बार बाड़मेर-जैसलमेर से कांग्रेस पार्टी के सांसद एवं वर्ष 2014 में भाजपा से कुल चार बार सांसद निर्वाचित हुए और वह एक बार बायतु विधायक रह चुके हैं।

उनके निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने कर्नल चौधरी के निधन पर दुख जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups