नयी दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने नकली दवा से सोयाबीन फसल के खराब होने की शिकायत मिलने के बाद रविवार को मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के छीरखेड़ा इलाके का दौरा किया और खेतों का औचक निरीक्षण करने पहुंच गये। आधिकारिक सूत्रों द्वारा यहां दी गयी जानकारी के मुताबिक श्री चौहान किसानों द्वारा नकली दवा (fake medicine) से सोयाबीन फसल के खराब होने की जानकारी के बाद विदिशा पहुंचे थे। श्री चौहान ने किसानों को नकली कीटनाशक से हुए नुकसान से न्याय और राहत देने के आश्वासन के साथ ही पूरे देश में नकली दवा बेचने वालों के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाने की भी जानकारी दी।
दूसरी ओर केंद्रीय कृषि मंत्री (Union Agriculture Minister) ने एक्स पर पोस्ट लिखा, ''आज मैं विदिशा के छीरखेड़ा के सोयाबीन खेत का निरीक्षण करने आया हूं। मुझे शिकायत मिली थी कि खरपतवार नाशक दवाई के कारण किसानों की सोयाबीन की फसल जलकर खराब हो गई। मैंने तय किया कि मैं स्वयं निरीक्षण करूंगा। निरीक्षण के दौरान यहां मैंने देखा कि खेत में सोयाबीन की जगह खरपतवार है। इस मामले की जांच एक उच्चस्तरीय वैज्ञानिकों का दल करेगा। श्री चौहान ने कहा, कंपनी के खिलाफ विधि सम्मत सख्त कार्रवाई करेंगे।''
उन्होंने कहा कि किसान की फसल उसका जीवन है। इसलिए किसान को राहत मिले, इसकी व्यवस्था की जाएगी और पूरा न्याय दिलाया जाएगा। साथ ही घटिया और नकली दवाईयां देने वाली कंपनियों के खिलाफ देशभर में अभियान चलाया जाएगा।
कृषि मंत्री ने नकली कीटनाशक और नकली खाद व बीज की शिकायत मिलने के बाद यह निरीक्षण किया था। वहीं अचानक कृषि मंत्री शिवराज सिंह को देख कर बड़ी संख्या में किसान उनसे मिलने पहुंचे। श्री चौहान ने कहा कि नकली खरपतवार दवाई डालने के कारण सोयाबीन की पूरी फसल जल गई है। उन्होंने बताया कि एचपीएम कंपनी की दवाई डालने के कारण नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय वैज्ञानिकों का एक दल कल इन खेतों का निरीक्षण करेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित किसानों को पूरा न्याय दिया जाएगा और ऐसी कंपनियों के खिलाफ पूरे देश में अभियान चलाया जाएगा।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Aug 17 , 2025, 07:09 PM