बीकानेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) ने कांग्रेस पर सत्ता के लालच में तुष्टिकरण के आधार पर देश का बंटवारा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके राजनैतिक स्वार्थ के चलते हुए बंटवारे के दौरान देश में बड़ा नरसंहार हुआ और लाखों लोग मारे गए और आज के इस दिन को भारतीय जनता पार्टी (BJP) विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मना रही है ताकि देश विरोधी ताकतों को कुचलने तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प को अधिक मजबूत किया जा सकें।
शर्मा गुरूवार को बीकानेर के नाल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस देश पर कई विदेशी ताकतों ने आक्रमण किया लेकिन मां भारती के सपूतों ने कभी हार नहीं मानी और लंबी लड़ाई लड़कर देश को आजाद कराया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल, महात्मा गांधी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महापुरूष देश का बंटवारा नहीं चाहते थे लेकिन कांग्रेस ने राजनैतिक महत्वाकांक्षा के चलते धर्म के आधार पर देश का बंटवारा किया। करोड़ों लोगों के घर उजड़ गए और वे अपने ही घर में शरणार्थी बन गए। उनका घर, परिवार, मकान, दुकान सब चला गया और देश के लिए विभाजन विभीषिका नहीं भूलने वाली दंश बन गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू (Pandit Jawaharlal Nehru) की सत्ता लोलुपता और तुष्टिकरण के कारण जम्मू-कश्मीर का स्थायी समाधान नहीं हो सका वहीं डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने उस वक्त कहा था कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इसे विशेष रियायतें नहीं मिलनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उसी संकल्प को पूरा करने की दिशा में कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया। श्री शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बंगलादेश में रह रहे हिन्दुओं की दयनीय स्थिति सहित अन्य मुद्दों पर कांग्रेस ने कुछ भी नहीं किया लेकिन प्रधानमंत्री ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (Citizenship Amendment Act) के जरिए इन देशों में धार्मिक आधार पर प्रताड़ित हिंदुओं, सिखों, जैनों, बौद्धों और ईसाइयों को नागरिकता देकर न्याय के नए युग की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आतंकवादी अड्डों को नष्ट कर उनके आकाओं को करारा जवाब दिया।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस संविधान बचाने की बात करती है लेकिन कांग्रेसियों ने कई राज्यों में चुनी हुई सरकारों को गिराया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश मजबूत हाथों में है। वर्ष 2014 में देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी जो श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में आज विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। जल्द ही भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने आमजन से स्वदेशी उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की ताकि स्थानीय रोजगार का सृजन हो और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा मिले। इससे भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए, जिससे देश-प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो सके।
इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) ने कहा कि देश के साथ बीकानेर ने विभाजन की विभीषिका सहन की। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर के लोगों के साथ विभाजन की विभीषिका पर संवाद करने का निर्णय किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने विभाजन का दर्द महसूस किया, उनकी पीढ़ियों के दिल में आज भी उस दर्द की कहानियां मौजूद हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री बीकानेर के नाल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। श्री शर्मा स्वयं भी तिरंगा थामकर आमजन के साथ यात्रा में चले। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे भी इस अभियान से जुड़े तथा हर घर तिरंगा फहराएं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Aug 14 , 2025, 09:23 PM