चंडीगढ़। हरियाणा में गुरुग्राम जिले की होनहार साइक्लिस्ट रुचिका सिंह (cyclist Ruchika Singh) ने अमेरिका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साइक्लिंग टूर्नामेंट (international cycling tournament) में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच कांस्य पदक जीतकर न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। गुरुग्राम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिह सैनी (Minister Naib Singh Saini) ने बुधवार को रुचिका को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनायें दी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविन्द सैनी और सॉफ्टबॉल के जिला महासचिव विनोद वर्मा और अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि साइक्लिस्ट रुचिका ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी खिलाओ’ के नारे को सार्थक किया है। उन्होंने कहा कि रुचिका ने अपने समर्पण, मेहनत और आत्मविश्वास से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निष्ठा के साथ प्रयास किया जाएं तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि रूचिका ने गुरुग्राम ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारत का गौरव बढ़ाया है। रुचिका की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हम सभी को रूचिका पर गर्व है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें भविष्य में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि गुरुग्राम जिले की होनहार साइक्लिस्ट रुचिका सिंह ने 27 जून से सात जुलाई 2025 तक अमेरिका के विभिन्न शहरों में आयोजित की गयी प्रतियोगिताओं में भाग लिया और पांच मेडल जीते। रुचिका ने प्रतियोगिता के पांचों पदक व्यक्तिगत स्पर्धाओं में जीते। उन्होंने सर्किट रेस (50 किलोमीटर), टाइम ट्रायल (22 किलोमीटर), स्प्रिंट (400 गुणा 3 मीटर), हिल क्लाइंब (4 किलोमीटर) और रोड रेस (50 किलोमीटर) जैसी चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किये। रुचिका के बारे में विनोद वर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता से ठीक पहले रुचिका के घुटने में चोट लग गयी थी। बावजूद इसके उन्होंने हार नहीं मानी और अनुशासन के साथ अभ्यास जारी रखा। यही नहीं, उन्होंने नयी दिल्ली में कोच वी एन सिंह के मार्गदर्शन में कठोर प्रशिक्षण लेकर अमेरिका के लिए खुद को तैयार किया। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले रुचिका ने कुरुक्षेत्र में आयोजित खेल महाकुंभ में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक हासिल किये थे। साथ ही नेशनल गेम्स में भी वे गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने बताया कि यह पहला अवसर नहीं है, जब रुचिका ने गुरुग्राम का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया हो। पूर्व में भी उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पदक अपने नाम किये हैं।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jul 16 , 2025, 08:34 PM