गांधीनगर। देश में सबसे लंबे समुद्र तट वाला गुजरात ‘क्रूज भारत मिशन’ (Cruise India Mission) का नेतृत्व करने वाला पहला राज्य बन गया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार इसके साथ ही भारत में विश्व स्तरीय क्रूज पर्यटन उद्योग विकसित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के विजन को साकार करने की दिशा में गुजरात ने महत्वपूर्ण माइल स्टोन हासिल किया है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य ने 2,340 किलोमीटर लंबे समुद्र तट तथा साबरमती और नर्मदा जैसी नदियों के रणनीतिक महत्व को पहचान कर राष्ट्रीय क्रूज एजेंडा को आकार देने में सक्रिय भूमिका निभायी है। क्रूज भारत मिशन के लिए क्रूज शिपिंग पॉलिसी की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से गुजरात मेरीटाइम बोर्ड (GMB) ने गत छह मई को एक दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया था, जिसमें विभिन्न हितधारक उपस्थित रहे।
जीएमबी द्वारा आयोजित इस वर्कशॉप में जीएमबी के चीफ नॉटिकल ऑफिसर (एचक्यू) कैप्टन बंशीव लाडवा, उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार बनेवीला (IAS) ने महत्वपूर्ण वक्तव्य दिये। उन्होंने राज्य की बढ़ती समुद्री क्षमताओं एवं उभरते क्रूज टूरिज्म क्षेत्र के आर्थिक अवसरों पर जोर दिया। भारत में क्रूज क्षेत्र के विकास की नींव डालने की नीति पर हुई चर्चा वर्कशॉप के प्रथम सत्र में मेरीटाइम तथा टूरिज्म विशेषज्ञों की उस्थिति में ‘नीति एवं ढाँचागत सुविधा भारत में क्रूज क्षेत्र के विकास के लिए नींव डालना’ विषय पर चर्चा की गयी।
इंडियन पोर्ट्स एसोसिएशन के सलाहकार राजीव जलोटा ने क्रूज भारत मिशन अंतर्गत रणनीतिक लक्ष्यों की रूपरेखा दी। मुंबई पोर्ट ऑथोरिटी के अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने बंदरगाहों की तैयारी तथा स्पष्ट बर्थिंग पॉलिसी की जरूरत पर चर्चा की। फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआओ), कोच्चिं के कृष्णराज आर. ने इमिग्रेशन एवं समुद्र तट की प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने पर ध्यान केन्द्रित किया, जबकि गोवा इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल के सीईओ गौतम डे ने इन्फ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड्स व कौशल विकास पर बल दिया। गुजरात का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए श्री राजकुमार बेनीवाल ने निवेश के अनुरूप पॉलिसियां बनाकर विश्व स्तरीय क्रूज टर्मिनल के लिए राज्य की योजना के बारे में जानकारी दी। गुजरात पर्यटन निगम लिमिटेड (TCGL) की प्रबंध निदेशक साइदिंगपुई छाकछुआक (आईएएस) ने यात्रियों के लिए क्रूज-रेडी स्थलों एवं ऑनशोर पर्यटन विकसित करने की रणनीति प्रस्तुत की। कृष्णराज आर. (आईपीएस) ने कार्यक्षम इमिग्रेशन प्रक्रियाओं की जरूरत पर बल दिया तथा पर्यटकों के संचालन को सुव्यवस्थित करने के लिए डिजिटल टेक्नोलॉजी के उपयोग की सिफारिश की।
बंदरगाह एवं परिवहन विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी कुमार ने गुजरात को एक अग्रणी क्रूज हब के रूप में स्थापित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की। उन्होंने कहा कि राज्य का व्यापक दृष्टिकोण, उसकी ढाँचागत सुविधायें, नीति एवं पर्यटन विकास अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण स्थापित करेंगे। इसके बाद वर्कशॉप के प्रश्नोत्तरी सत्र के दौरान सहभागियों ने राज्य के लिए एक मजबूत क्रूज नीति बनाने के संदर्भ में अपने अभिप्राय व्यक्त किये। इस पैनल सत्र में पैनलिस्टों ने वर्तमान चुनौतियों को संबोधित कर भविष्य में क्रूज क्षेत्र में व्याप्त संभावनाओं पर चर्चा की। यह सत्र सहभागियों तथा उद्योगों के दिग्गजों के बीच विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बना।
क्रूज भारत मिशन के हिस्से के रूप में गुजरात ने उसके पश्चिमी तट पर विभिन्न संभावित क्रूज सर्किट का प्रस्ताव किया है। इनमें दीव, वेरावल, पोरबंदर, द्वारका, जामनगर, ओखा तथा पडाला द्वीप जैसे मुख्य स्थल और कार्यरत घोघा-हजीरा रो- पैक्स सेवा शामिल है। प्रस्तावित रूट को तीन क्लस्टर में विभाजित किया गया है: पडाला द्वीप कच्छ का रण, पोरबंदर-वेरावल-दीव और द्वारका-ओखा-जामनगर। प्रत्येक क्लस्टर पर्यटन को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है। विशेषकर उस क्लस्टर के 100 किलोमीटर के भीतर मुख्य धार्मिक, नैसर्गिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का समावेश सुनिश्चित किया गया है, जिससे क्रूज यात्रियों को अधिक आकर्षण और मनोरंजन के विकल्प मिलें।
उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर 2024 को केन्द्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल द्वारा क्रूज भारत मिशन की शुरुआत की गयी थी। इस मिशन का उद्देश्य आगामी दशक में भारत को विश्व स्तरीय क्रूज पर्यटन केन्द्र बनाना है और 2029 तक समुद्री क्रूज पर्यटन को 10 गुना बढ़ाना है। देश में जब मुंबई, कोच्चिं, चेन्नई एवं मोर्मुगाओ जैसे मुख्य बंदरगाहों ने क्रूज टर्मिनल के विकास में उल्लेखनीय प्रगति की है, तब गुजरात भी भविष्य में एक समर्पित क्रूज टर्मिनल बनाकर राष्ट्रीय मिशन में उल्लेखनीय योगदान देगा। हाल ही में आयोजित वर्कशॉप इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस वर्कशॉप के माध्यम से गुजरात के लिए एक व्यापक, कार्यक्षम क्रूज टूरिज्म नीति बनने की अपेक्षा है। स्पष्ट विजन, सरकार के समर्थन एवं रणनीतिक ढांचागत योजनाओं के साथ गुजरात भारत के क्रूज पर्यटन क्षेत्र में अग्रसर बनने को तैयार है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Jul 08 , 2025, 07:17 PM