IND vs ENG: भारतीय टीम (Indian team) ने इंग्लैंड में हार के साथ शुरुआत की है. लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 5 शतक लगाने के बावजूद टीम इंडिया को 5 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में किसी भी टीम की यह पहली हार है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 (World Test Championship 2025-27) की शुरुआत 20 जून से हुई है और भारत ने अपने अभियान की शुरुआत हार के साथ की है. लीड्स टेस्ट में भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से फेल रहे.
इसके चलते भारतीय टीम 371 रनों का लक्ष्य बरकरार नहीं रख पाई. पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले बुमराह दूसरी पारी में एक भी विकेट नहीं ले पाए. अब हेड कोच गौतम गंभीर ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया है. उन्होंने बुमराह के दो टेस्ट मैचों में टीम से बाहर रहने को लेकर बड़ा खुलासा किया है.
गौतम गंभीर ने क्या कहा?
लीड्स टेस्ट मैच में हार के बाद भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने पुष्टि की कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह सीरीज में सिर्फ तीन टेस्ट मैच खेलेंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला सीरीज शुरू होने से पहले लिया गया था और स्कोरलाइन इसमें बदलाव नहीं करेगी। गंभीर ने कहा, "यह अभी तय नहीं है कि बुमराह कौन से दो मैच खेलेंगे, लेकिन वह इस सीरीज में सिर्फ तीन मैच खेलेंगे। हम उन पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहते।" इससे पहले कप्तान शुभमन गिल ने भी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बुमराह को लेकर कुछ ऐसा ही कहा था। उन्होंने कहा कि मैच दर मैच के आधार पर इसका फैसला किया जाएगा। लंबे ब्रेक के बाद अगले मैच के करीब पहुंचने पर देखेंगे। दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से एजबेस्टन में शुरू हो रहा है। बुमराह इस टेस्ट मैच में खेलेंगे या नहीं, यह वहां की परिस्थितियों के आधार पर टीम प्रबंधन तय करेगा।
बुमराह ने पहली पारी में लिए थे पांच विकेट
पहले टेस्ट मैच में बुमराह ने इंग्लैंड की पहली पारी में पांच विकेट लिए थे। इस बीच अगर उनकी गेंदों पर कुछ कैच नहीं छूटते तो उनके विकेट ज्यादा होते, लेकिन दूसरी पारी में बुमराह ने टीम को पूरी तरह से निराश किया और एक भी विकेट नहीं ले सके. इसके चलते भारतीय टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. इस टेस्ट मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 471 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 465 रनों पर सिमटी. दूसरी पारी में टीम इंडिया 364 रन ही बना सकी. इसके बाद 371 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम ने 5 विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया.



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Jun 25 , 2025, 04:15 PM