ताइपे: दो बार की ओलंपियन अन्नू रानी और रोहित यादव ने चीनी ताइपे में ताइवान एथलेटिक्स ओपन 2025 के दूसरे दिन रविवार को अपनी-अपनी भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। इसी के साथ भारत ने आज 10 पदक जीते, जिसमें छह स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। भारत ने ताइवान एथलेटिक्स ओपन के पहले दिन छह स्वर्ण भी जीते थे, जिससे उनके कुल पदकों की संख्या 16 हो गई। इन पदकों में 12 स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य शामिल है।
भारतीय दल ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो स्वर्ण पदक जीते। एशियन गेम्स की चैंपियन अन्नू रानी ने अपने दूसरे थ्रो में 56.82 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। श्रीलंका की हैटराबेज लेकामलागे ने 56.62 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता और चीनी ताइपे की पिन-ह्सुन चू 53.03 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
इससे पहले दिन में दो बार के पुरुष भाला फेंक नेशनल चैंपियन रोहित यादव ने चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करते हुए भारत को दिन का पहला पदक जिताया। तेज हवाओं के बीच कोई भी एथलीट 75 मीटर के मार्क को पार नहीं कर पाया, लेकिन रोहित यादव ने अपने पहले थ्रो में 71.46 मीटर के साथ प्रतियोगिता पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
इसके बाद उन्होंने दूसरे थ्रो में अपनी बढ़त में सुधार किया और 74.25 मीटर का थ्रो किया। रोहित ने अपने आखिरी प्रयास में 74.42 मीटर का थ्रो करके शीर्ष पोडियम स्थान पर अपनी जगह बनाई। चीनी ताइपे के हुआंग शिह-फेंग ने 74.04 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक जीता, जबकि उनके हमवतन चेंग चाओ-त्सुन ने 73.95 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।
तीन बार की नेशनल चैंपियन और एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता भारत की विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्ड्ल्स में 56.53 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। हीट्स में 57.90 रन के साथ फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वालीं रामराज, फाइनल में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से एक सेकेंड से अधिक समय से आगे रहीं। चीनी ताइपे की पेई-लिन लो ने 57.91 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक जीता और शिन-रू झोंग ने 58.94 सेकेंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
इस बीच, पुरुषों की 400 मीटर हर्ड्ल्स रेस में यशस पलाक्ष ने 49.22 सेकेंड के नए व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ रजत पदक जीता। स्थानीय पसंदीदा चुंग-वेई लिन (49.00) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता जापान के युसाकु कोडमा (49.41) ने कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 800 मीटर फाइनल में भारत ने दो बार पोडियम फिनिश किया।पूजा ने 800 मीटर रेस में 2:02.79 के मीट रिकॉर्ड समय के साथ चार सेकेंड से ज्यादा समय से आगे रहकर स्वर्ण पदक हासिल किया। ट्विंकल चौधरी ने 2:06.96 का समय लेकर रजत पदक जीता, जबकि जी-आन चेन ने 2:10.91 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। इससे पहले प्रतियोगिता में पूजा ने महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में 4:11.65 के मीट रिकॉर्ड समय के साथ जीत हासिल की।
पुरुष 800 मीटर स्पर्धा के फाइनल में, 2023 एशियन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता कृष्ण कुमार अफसल पी के हटने के बाद फाइनल में भारत के एकमात्र प्रतिनिधि थे। कृष्ण कुमार ने 1:48.46 के मीट रिकॉर्ड समय के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फिलीपींस के हुसैन लोराना और ऑस्ट्रेलिया के हामिश डोनोह्यू ने क्रमशः 1:48.67 और 1:48.97 के समय के साथ रजत और कांस्य जीता।
एशियाई कांस्य पदक विजेता शैली सिंह (6.41 मीटर) और एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता एंसी सोजन (6.39 मीटर) द्वारा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने के बाद भारत ने महिलाओं की लंबी कूछ स्पर्धा में एक और डबल पोडियम फिनिश किया।
ऑस्ट्रेलिया के डेल्टा अमिडजोवस्की ने 6.49 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। दिन की आखिरी स्पर्धा में भारतीय पुरुषों की 400 मीटर रिले टीम ने स्वर्ण पदक जीता। संतोष कुमार तमिलारासन, विशाल टीके, धर्मवीर चौधरी और मनु टीएस की चौकड़ी ने 3:05.58 का मीट रिकॉर्ड बनाया। वियतनाम 3:06.20 के समय के साथ दूसरे, जबकि एशिया बायोमेडिकल की टीम ने 3:14.51 का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।



Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, Jun 09 , 2025, 08:38 AM