आरा.केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (Ram Vilas) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ आज कहा कि उनकी पार्टी राज्य के सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है। पासवान ने रविवार को वीर कुंवर सिंह स्टेडियम (Veer Kunwar Singh Stadium) में नव संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनका संकल्प बिहार को देश का नंबर एक राज्य बनाने का है। उन्होंने कहा, “ जब तक मैं बिहार को विकसित राज्य नहीं बना लेता तब तक चैन से नहीं बैठने वाला। मैं विधानसभा चुनाव कहां से लडूं यह आप सब को तय करना है।”
मंत्री ने कहा, “ हाँ मैं विधानसभा चुनाव लडूंगा और बिहार के सभी 243 सीटों पर चुनाव लडूंगा। मुझे मेरे अपनों ने ही घर और पार्टी से बाहर किया लेकिन बिहार की सारी जनता मेरा परिवार है। मैं अपनों की खातिर चुनाव लडूंगा। मेरा एक ही लक्ष्य है विकसित बिहार, ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’।”
श्री पासवान ने कहा कि यह साल सबके लिए खास कर बिहार की जनता के लिए महत्वपूर्ण है। यह साल निर्धारित करेगा बिहार के पांच सालों का भविष्य। यह पांच साल बिहार के व्यक्ति के जीवन में महत्व रखता है। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा, “जब आप लोगों के बीच नेता आए तो आप प्रश्न कीजिएगा कि इतने सालों में इन लोगों ने क्या किया। आजकल एक केंद्रीय नेता, जब दिल्ली जाते हैं हमारे बिहार को अपराध की राजधानी बताते हैं । जरा पूछिएगा उस नेता से कि क्या वे चुनाव के बाद भी बिहार आएंगे।
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा समय तक शासन कांग्रेस ने किया लेकिन राज्य का विकास नहीं किया। श्री कर्पूरी ठाकुर, जिन्होंने सही मायने में सामाजिक न्याय की व्यवस्था को बल देने का काम किया, लेकिन कांग्रेस ने क्या किया। यह जग जाहिर है।
श्री पासवान ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के सपनों को तिलांजलि देने का काम यदि किसी ने किया तो यह कांग्रेस ने किया। ये लोग बाबा साहब अंबेडकर का नाम लेते नहीं थकते जब केंद्र में सरकार थी तो इन लोगों ने संसद में लोकसभा में भीमराव अंबेडकर की एक प्रतिमा भी नहीं लगने दिए। संसद में उनकी पहली तस्वीर राम विलास पासवान जी जब कल्याण मंत्री बने तब प्रतिमा लगाने का काम किया। इन लोगों ने एक ही परिवार के तीन-तीन लोगों की तस्वीर भारत के संसद में लगाया है लेकिन बाबा साहब की तस्वीर को लगाने का काम नहीं किया। आज कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देने का काम वर्तमान केंद्र सरकार ने किया।
मंत्री ने कहा कि यह वही लोग हैं जो जंगल राज के माध्यम से बिहार में नरसंहार करने का काम किया यदि बाबा साहब के सपनों को आगे बढ़ाने का कभी काम किया तो वह केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया। पासवान ने कहा, “ मैं चाहता हूं कि बिहार में ही कारखाने खुले ताकि बिहार में रोजगार मिले और पलायन रुके। पिछले दिनों मैं इस संघर्ष के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया कई लोगों ने चिराग पासवान को समाप्त करने की भूमिका तैयार की। इन लोगों ने सोचा कि चिराग पासवान को समाप्त कर देंगे तो बिहार फर्स्ट और बिहारी फर्स्ट समाप्त हो जाएगा। जब तक बिहार को फर्स्ट नहीं बना दूंगा तब तक चैन के सांस नहीं लूंगा।” मंत्री ने कहा, “ चिराग पासवान के लिए ना कोई पद मायने रखता है न हीं उनके लिए सत्ता मायने रखती है। मेरे लिए मायने रखता है कि बिहार फर्स्ट कैसे हो। बिहार पहले पायदान पर कैसे जाएं, जब मेरे पिता का निधन हुआ तो आप लोगों ने मेरा साथ दिया । महिलाओं ने मेरी मां बनकर आंसू पोछने का काम किया”
लोजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की नरेंद्र मोदी वाली सरकार बिहार को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम कर रही है। बिहार यदि फर्स्ट होता है, तभी देश विकसित बनेगा। विकास के राह पर सभी के सहयोग की जरूरत है। हर घर जाकर अपनी बातों को बताना होगा। इस मौके पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट, प्रदेश प्रभारी सांसद अरुण भारती, सांसद वीणा सिंह, सांसद राजेश वर्मा एवं शांभवी चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी समेत अन्य नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Jun 08 , 2025, 08:48 PM