जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ (Madan Rathore) ने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि देश पर संकट आने पर राष्ट्र भक्त ईमानदारी से अपने देश के साथ खड़े होते है लेकिन देश को जब जरूरत है तब कांग्रेस अपने तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है जो उचित नहीं है।
श्री राठौड़ सोमवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कहा कि कांग्रेस के नेता पूछते है पाकिस्तान के साथ सीजफायर क्यों किया, इसके बारे में देश के विदेश मंत्री, देश की सेना के अधिकारी और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) देश और दुनिया को बता चुके है कि पाकिस्तान द्वारा रखे गए सीजफायर के प्रस्ताव को भारतीय सेना ने अपनी शर्तों पर स्वीकार किया है।
उन्होंने कहा कि देश पर जब संकट होता है तो कोई भी राष्ट्र भक्त ईमानदारी से अपने देश के साथ खड़ा होता है, पर तरस आता है कि देश को जब जरूरत है तब कांग्रेस अपने तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है, यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की एकता के भाव को प्रकट करने के लिए सर्वदलीय संसदीय दल विदेशों में भेजकर भारत का पक्ष रख रहे है, उसमें कांग्रेस नेता शशि थरूर एक दल का नेतृत्व भी कर रहे है वहीं कांग्रेस के नेता अशोक गहलोत, सचिन पायलट और गोविंद सिंह डोटासरा की ये त्रिमूर्ति सेना के शौर्य पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में अमेरिकी दखल के नाम का झूठ फैलाने का कुत्सित षडयंत्र कर रही है। कांग्रेस नेता अल्पज्ञानी है और झूठ के भरोसे अपनी राजनीतिक दुकान चलाना चाहते है। उन्होंने कहा कि समझौते की शर्तों के बारे में पूरे देश की जनता जानती है, श्री मोदी ने राजस्थान की धरती पर विशाल जनसभा में एवं इससे पूर्व देश के नाम संबोधन में स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान से बात होगी तो पाकिस्तान द्वारा कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में अवैध रूप से कब्जाये गए पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी और भारत में होने वाले किसी भी आतंकवादी हमले को पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित मानकर उसे युद्ध की श्रेणी में रखा जाएगा।
राठौड़ ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री और सैन्य नेतृत्व द्वारा किए गए निर्णय के साथ खड़ी है, बस विपक्षी नेताओं ने कान में रूई ठूस रखी है। उन्होंने कहा कि कुछ निर्णय कुटनीति के अनुसार होते है, सामरिक स्थिति के अनुसार होते है, उन्हें सार्वजनिक नहीं किया जाता लेकिन कांग्रेस हमेशा ही वह भाषा बोलती है जिसका फायदा पाकिस्तान को मिलता है और कांग्रेस नेताओं के बयानों को दिखाकर पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना पार्टी के नाम और झंडे के तिरंगा यात्राओं का प्रदेश के गांव,गली, मोहल्ले तक आयोजन कर रही है, इसके साथ ही प्रदेश की मातृ शक्ति सिंदूर यात्रा भी निकाल रही है। भाजपा भारत के गौरव का, सेना के शौर्य का सम्मान करती है और अपने कर्त्तव्यों के प्रति सजग है, अच्छा होता कि भाजपा के आह्वान पर जिस प्रकार देश की जनता अपनी भागीदारी इन तिरंगा यात्राओं में निभा रही है, वैसे ही कांग्रेस नेता उसमें शामिल होते लेकिन जो देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार है और आजादी के बाद तुष्टिकरण के नाम पर देश विभाजन के बीज बौने का काम किया है वे एकता में विश्वास कहां रखते।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Mon, May 26 , 2025, 08:49 PM