Indian Institute of Foreign Trade: भारतीय विदेश व्यापार संस्थान का देश से बाहर पहला परिसर दुबई में खुला!

Fri, May 16 , 2025, 03:09 PM

Source : Hamara Mahanagar Desk

नयी दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले स्वायत्त शैक्षणिक निकाय, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (Indian Institute of Foreign Trade) ने भारत से बाहर अपना पहला परिसर संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में शुरू किया है। मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि यह संस्थान की वैश्विक उपस्थिति का विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय व्यापार शिक्षा में भारत की भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान का दुबई परिसर शिक्षा मंत्रालय से अनुमोदन और विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के साथ संभव हुआ है। 

मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय उच्च शिक्षा के वैश्वीकरण में एक गौरवपूर्ण क्षण है और नयी शिक्षा नीति के दृष्टिकोण के अनुरूप है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईआईएफटी को बधाई दी और कहा, “यह वास्तव में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना को दर्शाता है और भारतीय शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण में एक नये अध्याय का आरंभ है। यह भारत-यूएई साझेदारी को मजबूत करने का भी प्रमाण है और यह नया परिसर कल के व्यापारिक नेताओं को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”

वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि यह आईआईएफटी के 62 वर्षों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। यह भारत के एक ऐसे देश के रूप में उभरने का प्रतिनिधित्व करता है जो विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में विश्व स्तरीय शिक्षा प्रदान करता है। आईआईएफटी के कुलपति प्रो. राकेश मोहन जोशी ने आईआईएफटी को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में शोध, प्रशिक्षण और अनुसंधान में उत्कृष्टता के माध्यम से इसके नए दुबई परिसर में अपनी छाप छोड़ने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups