Polarization Dotasara: भाजपा नेता कर रहे हैं ध्रुवीकरण की राजनीति-डोटासरा

Mon, Apr 14 , 2025, 09:42 PM

Source : Uni India

जयपुर।  राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर लोकसभा और विधानसभा में हिन्दु-मुस्लिम करके ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि संविधान में बोलने की दी गई आजादी को छीना जा रहा है वहीं संविधान में जो धर्मनिरपेक्षता का उल्लेख है उसका सम्मान भी नहीं किया जा रहा है।

श्री डोटासरा सोमवार को यहां अम्बेडकर जयंती (Ambedkar Jayanti) पर आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे देश के संविधान में धर्मनिरपेक्षता की बात कही गई है, किन्तु भाजपा के नेता हिन्दु-मुस्लिम की बात कर चुनाव लड़ना चाहते हैं, यह भी संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि 11 साल से भाजपा के नेता लोकसभा और विधानसभा में हिन्दु-मुस्लिम करके ध्रुवीकरण की राजनीति कर रहे हैं, लेकिन संविधान में जो धर्मनिरपेक्षता का उल्लेख है उसका सम्मान नहीं कर रहे है।

उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजनों का फर्ज है कि हमारे जो महापुरूष और स्वतंत्रता सैनानी जिन्होंने अथक् कष्ट उठाकर देश को आजादी दिलाई और देश में एकता और अखण्डता कायम रखने के लिए बड़ी से बड़ी कुर्बानी दी, उनके द्वारा स्थापित लोकतंत्र की रक्षा करने हेतु अपनी पूरी ताकत के साथ समाज में जाकर भाजपा के इस संविधान एवं लोकतंत्र विरोधी नीति को उजागर कर फासीवादी ताकतों के विरूद्ध मजबूती के साथ संघर्ष करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में तीन महिने तक सभी गॉंव, ढाणी, मौहल्ले, नगरपालिका, पंचायतों, वार्डों में जाकर संविधान की चर्चा करेंगे और जो इस अभियान में कदम से कदम मिलाकर साथ चलेगा वही भविष्य का नेता बनेगा। उन्होंने कहा आज यदि भाजपा की गलत नीतियों का विरोध नहीं किया तो आने वाला समय और पीढिय़ा हमें माफ नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि डेढ़ वर्ष से राजस्थान की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिये तरस रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को जनता की आवाज बनकर भाजपा की गलत नीतियों के विरूद्ध खड़ा होना पड़ेगा और जनता की समस्याओं के समाधान के लिये हर संघर्ष के लिये तैयार रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिये कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता हर त्याग करने के लिये तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं के विरूद्ध की जा रही दमनात्मक कार्यवाही से डरने वाली नहीं है, यदि किसी कांग्रेस कार्यकर्ता की आवाज दबाने के लिये भाजपा सरकार गिरफ्तार कर कार्यवाही करेगी तो वह स्वयं उस कार्यकर्ता की रक्षा के लिये खड़े मिलेंगे।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आज भाजपा के शासन में देश में क्या हालात हैं किसी से छिपे हुये नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जब भाजपा सरकार की कोई कमी उजागर की जाती है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है, यह कार्य भी संविधान विरोधी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार चुनाव से पहले राजनैतिक दुर्भावना के तहत् विरोधी दलों के विरूद्ध ईडी, इनकम टैक्स जैसी एजेन्सियां सक्रिय हो जाती हैं, यह भी संविधान को कमजोर करने का कृत्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का कार्य कर रही है, किन्तु कांग्रेस पार्टी के मजबूत कार्यकर्ता इसे कभी सफल नहीं होने देंगे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups