अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee) के मुख्यालय तेजा सिंह समुंद्री हॉल में शनिवार को आयोजित पार्टी की प्रतिनिधि बैठक के दौरान सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) को सर्वसम्मति से शिरोमणि अकाली दल (SAD) का अध्यक्ष चुना गया। वह चौथी बार इस पद के लिए चुने गए हैं। पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए श्री सुखबीर बादल का नाम कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदर (Balwinder Singh Bhundar) ने प्रस्तावित किया और महेशिंदर सिंह ग्रेवाल और परमजीत सिंह सरना ने समर्थन किया। प्रतिनिधियों ने सिख नारे 'सत श्री अकाल' के बीच हाथ उठाकर अपनी सहमति दी।
उल्लेखनीय है कि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पिछले साल 16 नवंबर में अकाल तख्त के निर्देश पर अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें 2007 से 2017 तक पार्टी और सरकार के दौरान हुई गलतियों के लिए ‘तनखाहिया’ (religious punishment) घोषित किया गया था। इसके बाद उन्होंने धार्मिक सजा पूरी की। जब वह धार्मिक सजा पूरी कर रहे थे, तब श्री दरबार साहिब में उन पर गोली भी चली थी। अब अकाली दल ने उन्हें फिर से पार्टी का नेतृत्व सौंपने का फैसला किया है। अकाल तख्त ने दो दिसंबर को एक फरमान जारी कर पार्टी में बदलाव और छह महीने के भीतर पदाधिकारियों के चुनाव का आह्वान किया था।
इसने पार्टी की कार्यसमिति को सुखबीर का इस्तीफा स्वीकार करने का भी निर्देश दिया था। हालांकि, सुखबीर के प्रति वफादार गुट ने पार्टी कार्यसमिति के तहत सदस्यता अभियान चलाया, क्योंकि उन्हें डर था कि धार्मिक संस्था से निर्देश लेने पर भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के उल्लंघन के कारण पार्टी की मान्यता रद्द हो सकती है। बैठक के दौरान कई प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें से एक में अकाल तख्त जत्थेदार से पिछले साल दो दिसंबर को मरणोपरांत पार्टी के पूर्व संरक्षक और पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल को दिए गए पंथ रतन फख्र-ए-कौम के निरस्तीकरण की समीक्षा करने का आग्रह किया गया।
स्वर्गीय बादल के लिए एक शोक प्रस्ताव पारित किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। 500 से अधिक प्रतिनिधियों के अलावा पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसजीपीसी मुख्यालय में एकत्र हुए। इस बीच, एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी बैठक में शामिल नहीं हुए। बादल ने अध्यक्ष चुने जाने के बाद कहा, “मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और पंजाब के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। हमारा लक्ष्य पंजाब के हितों की रक्षा और सिख पंथ को मजबूत करना है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव है। ऐसे में अकाली दल की नजर पूरी तरह जमी है।”
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Apr 12 , 2025, 04:32 PM