नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी (leader Rahul Gandhi) द्वारा प्रचारित शासन के 'खटाखट' मॉडल को सबसे खतरनाक राजनीतिक प्रयोग करार देते हुए आरोप लगाया कि इसने कर्नाटक को भ्रष्टाचार के अभूतपूर्व संकट में डाल दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रत्युष कांत (Pratyush Kant) ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बहुचर्चित 'कर्नाटक मॉडल', जिसे श्री राहुल गांधी भारत के लिए शासन का खाका बताते हैं, तेजी से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, संस्थागत पक्षपात और विकास में ठहराव का प्रतीक बन रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘खटाखट’ मॉडल स्वच्छ प्रशासन देने नहीं , बल्कि जनता के पैसे की लूट के बारे में है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक भ्रष्टाचार में नंबर एक बन गया है और अब केवल विपक्ष ही उंगली नहीं उठा रहा है बल्कि मुख्यमंत्री के अपने आर्थिक सलाहकार और मौजूदा कांग्रेस विधायकों ने भी खुले तौर पर स्वीकार किया है कि कर्नाटक देश का सबसे भ्रष्ट राज्य बन गया है। ये आरोप गुमनाम नहीं हैं - ये रिकॉर्ड पर हैं और आधिकारिक बैठकों में बोले गये हैं।
श्री कांत ने कहा कि कर्नाटक के राजस्व मंत्री ने हाल ही में खुद अपने विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार की बात कबूल की थी। उन्होंने कहा, “यह अभूतपूर्व है - सड़ांध इतनी गहरी है कि मंत्री भी अब इससे इनकार नहीं कर सकते।” अपने दावों को पुख्ता करते हुए उन्होंने कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ के नवीनतम खुलासे का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि ‘अदृश्य हाथ’ के कथित हस्तक्षेप के कारण विभागों में 32,000 करोड़ रुपये के लंबित बिल अटके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अदृश्य हाथ कोई रहस्य नहीं है बल्कि यह भ्रष्टाचार का गहरा नेटवर्क है जिसे कांग्रेस ने दशकों से पूरा किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संबंधों वाले बड़े ठेकेदारों को उनके भुगतान खटाखट से मिल जाते हैं, जबकि छोटे और मध्यम ठेकेदारों को लालफीताशाही और राजनीतिक पूर्वाग्रह से गला घोंटा जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर दोहरी व्यवस्था चलाने का भी आरोप लगाया, जिसमें केवल सत्ताधारी अभिजात वर्ग के करीबी लोगों को ही लाभ मिलता है, जबकि ईमानदार व्यवसायी और नागरिक पीड़ित होते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “यह राहुल गांधी का मॉडल है। तुष्टिकरण में नंबर एक, भ्रष्टाचार में नंबर एक, परियोजनाओं को पटरी से उतारने में नंबर एक और जनता के विश्वास को तोड़ने में नंबर एक। और फिर भी वह इस मॉडल को शेष भारत को उपहार में देना चाहते हैं।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देश के बाकी हिस्से इस मॉडल को अपनाते हैं, तो इससे आर्थिक पतन, प्रशासनिक अराजकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास का पूरी तरह से क्षरण होगा। उन्होंने जनता और नागरिक समाज से कांग्रेस के प्रचार को समझने और कर्नाटक की आत्मा को पहुंचाए जा रहे नुकसान को पहचानने की जोरदार अपील की।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Apr 11 , 2025, 09:27 PM