मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा अटल बिहारी वाजपेयी का सपना: शर्मा

Sun, Apr 06 , 2025, 06:18 PM

Source : Uni India

भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (Vishnudutt Sharma) ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री स्व़ श्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना साकार हो रहा है। शर्मा ने भाजपा के स्थापना दिवस पर आज यहां प्रदेश कार्यालय में भारतमाता एवं डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराया। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की एवं एक-दूसरे को बधाईयां दी। श्री शर्मा ने देश-प्रदेश के नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी के लिए ऐतिहासिक दिन है। जनसंघ के बाद 1980 में 6 अप्रैल को ही स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। मुंबई में पार्टी के पहले अधिवेशन को संबोधित करते हुए स्व. श्री वाजपेयी ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज प्रधानमंत्री  मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के नेतृत्व में स्व. अटलजी का यह सपना साकार हो रहा है।

शर्मा ने कहा कि देश के हर क्षेत्र में कमल खिला है। पंच-सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भाजपा के नेता हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का जो विचार पार्टी को दिया था, उसे देश के प्रधानमंत्री  मोदी यथार्थ में बदल रहे हैं। एक गरीब मां के बेटे प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया है और देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी गरीबों के मसीहा के रूप में उभरे हैं। आज पार्टी के स्थापना दिवस पर हम सभी कार्यकर्ता ये संकल्प लें कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में अंतिम व्यक्ति के कल्याण लिए जो अभियान चल रहा है, उसे आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होकर काम करेंगे।

शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के अरेरा मंडल के वार्ड 45 के बूथ क्रमांक 159 के प्राथमिक सदस्यों के सम्मेलन में बूथ अध्यक्ष गोविन्द सिंह माउडी का अंग वस्त्र पहनाकर सम्मान किया और सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना जनसंघ के रूप में बलिदानों के आधार पर हुई। देश के पहले प्रधानमंत्री पं जवाहर लाल नेहरू ने जब कश्मीर में धारा 370 लगाकर दो निशान, दो विधान और दो प्रधान का प्रावधान किया तो उनके मंत्रिमंडल के सदस्य डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने उसका विरोध किया और इस्तीफा देकर जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कश्मीर जाकर सत्याग्रह किया और जेल में उनकी हत्या कर दी गई। 


पार्टी को अंत्योदय का विचार देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय उत्तर प्रदेश के नगला चंद्रभान में जिस झोपड़ी में जन्मे थे, उसे देखकर प्रधानमंत्री श्री मोदी की आंखें नम हो गई थीं। उन्होंने संकल्प लिया कि देश में कोई गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (Prime Minister Housing Scheme) की शुरुआत हुई।उन्होंने कहा कि गरीब मां के बेटे मोदी ने अपनी मां को चूल्हा फूंकते हुए खाना बनाते देखा था। उन्होंने कहा कि अब किसी गरीब मां के फेंफड़े धुएं से खराब नहीं होंगे। उन्होंने उज्जवला योजना की शुरुआत की और आज देश के 16 करोड़ गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन देकर धुएं से राहत दी है। आयुष्मान भारत योजना में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है और अब कोई गरीब पैसे के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहेगा। तीन तलाक पर रोक के लिए बनाए गए कानून से मुस्लिम बहनों के जीवन में खुशियां आई हैं।

शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ सभी समाज एवं वर्ग के व्यक्तियों को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। इस बात को आप सभी कार्यकर्ताओं को निचले स्तर तक लेकर जाना है। आज पार्टी के स्थापना दिवस पर आप सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि आप सभी भाजपा के ब्रांड एंबेसडर बनकर बूथ-बूथ और घर-घर तक जाएंगे तथा वंचितों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश शासन के मंत्री चेतन कश्यप, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति मंचासीन रहे।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदेश शासन के मंत्री चेतन कश्यप, कृष्णा गौर, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, सुधीर अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेष वाजपेयी, मिलन भार्गव, डॉ गुलरेज़ शेख, नेहा बग्गा, सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups