पटना। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLMO) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा (Rajya Sabha MP Upendra Kushwaha) के ट्वीट पर रेलवे ने त्वरित प्रतिक्रिया दी है। कुशवाहा 31 मार्च को दिल्ली जाने के क्रम में पटना जंक्शन (Patna Junction) पहुंचे थे। ट्रेन के आने से पूर्व वह स्टेशन लाउंज को देख रहे थे, तभी उनकी नजर लाउंज की दीवार पर टंगी बिहार की महान विभूतियों पर पड़ी, जिसमें भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर (Bharat Ratna Jananayak Karpuri Thakur) की तस्वीर नहीं थी। उन्होंने तत्काल एक वीडियो बनाया और इसे फेसबुक और ट्विटर पर पोस्ट कर दिया।
साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Railway Minister Ashwini Vaishnav) से सार्वजनिक अपील करते हुए पोस्ट में लिखा, “रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी, अभी मैं पटना जंक्शन के लाउंज में बैठा हूं। इसकी दीवार पर कई महापुरुषों की तस्वीरें लगी हुई है, बहुत अच्छा लग रहा है लेकिन एक कमी खल रही है, यहां भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की तस्वीर नहीं है। कृपया इस कमी को यथाशीघ्र दूर करवाएं।” सोशल मीडिया पर कुशवाहा की इस पहल का रेल मंत्रालय ने तुरंत संज्ञान लिया। श्री कुशवाहा के ट्वीट पर मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया पर ही लिखा कि "महोदय आपके सुझाव पर गौर कर लिया गया है।”
इसके बाद श्री कुशवाहा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ही लिखा कि एनडीए गठबन्धन की सरकार घटक दलों के विचारों का भी पूरा सम्मान करती है। प्रमाण आपके सामने है। दिल्ली रेलयात्रा के क्रम में ट्वीट के माध्यम से पटना जंक्शन के लाउंज में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की तस्वीर लगाने की मेरी अपील पर रेलवे ने त्वरित रेस्पॉन्स दिया। पूरा विश्वास है कि तस्वीर बहुत जल्द लग जाएगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने बताया कि सोशल मीडिया के इस संवाद से तीन बातें स्पष्ट होती हैं। पहली यह कि हमारे नेता श्री कुशवाहा हर वक्त समाज के मुद्दों के प्रति सजग और सचेत रहते हैं और सोशल मीडिया जैसे आधुनिक माध्यमों का भी सामाजिक कार्यों में कैसे सही तरीके से प्रयोग हो यह अच्छी तरह जानते हैं। दूसरी बात यह कि इस मामले ने यह भी साबित किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के कार्यकाल में रेलवे सहित अन्य मंत्रालयों की कार्यशैली में कितना सकारात्मक बदलाव आया है। तीसरी बात यह कि इस मामले से यह भी प्रमाणित होता है कि राजग गठबंधन में घटक दलों के विचारों को कितना सम्मान दिया जाता है।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Tue, Apr 01 , 2025, 12:40 PM