गोपालगंज। केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे राज्य में ‘जंगल राज’ की वापसी न होने दें और इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (National Democratic Alliance) सरकार को चुनें।
श्री शाह ने रविवार को यहां भाजपा की विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा, “बिहार के लोग वर्ष 1990 से 15 साल तक चले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) शासन के जंगल राज को अब तक नहीं भूले हैं। राज्य में उस दौर में लूट, अपहरण, हत्या और अपराध की घटनाएं आम हो गई थीं।” उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य में उस जंगलराज की वापसी न होने दें और आगामी चुनाव में फिर से राजग की सरकार बनाने के लिए वोट दें।
भाजपा नेता ने राजद शासन पर भ्रष्टाचार के कई मामलों में घिरे होने का आरोप लगाते हुए कहा, “बाढ़ राहत घोटाला, कोयला घोटाला और चारा घोटाला जैसी भ्रष्टाचार की कई कहानियां उस दौर में आम हो गई थीं। राजद शासन के दौरान लोगों को स्वतंत्र और निडर होकर वोट देने की भी आज़ादी नहीं थी।”
श्री शाह ने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने हमेशा अपने परिवार को सत्ता में बनाए रखने की कोशिश की और बिहार के विकास की चिंता कभी नहीं की। उन्होंने कहा, “श्री लालू यादव के दोनों बेटे बिहार में मंत्री थे और अब वे विधायक हैं। उनकी पत्नी राबड़ी देवी मुख्यमंत्री रहीं, एक बेटी राज्यसभा सांसद हैं जबकि दूसरी बेटी ने लोकसभा चुनाव भी लड़ा।”
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि जब श्री लालू यादव केंद्र की सोनिया-मनमोहन सरकार में मंत्री थे तो उन्होंने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने तब बिहार को केवल 2.80 लाख करोड़ रुपये दिए थे जबकि केंद्र की मौजूदा नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्ष 2014 से अब तक बिहार को 9.23 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी है।
भाजपा नेता ने कहा, “राजद शासन के दौरान बूथ लूटने की घटनाएं भी आम थीं। पूर्ण जंगल राज कायम था क्योंकि लोगों को स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का अधिकार भी नहीं था।” उन्होंने कहा, “श्री लालू यादव विज्ञान और प्रौद्योगिकी के महत्व को समझने में नाकाम रहे। “लालू कहते थे आईटी-वाईटी क्या है और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का मज़ाक उड़ाते थे। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि कंप्यूटर क्या दूध दे सकता है।”
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sun, Mar 30 , 2025, 07:57 PM