भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा (Madhya Pradesh Legislative Assembly) में आज विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों ने अधिकारी दीर्घा में अधिकारियों की अनुपस्थिति का मामला उठाते हुए इस मुद्दे पर बहिर्गमन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार(Umang Singhar) ने बहिर्गमन के पहले कहा कि वे इस मामले में आसंदी की व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। इसके साथ ही सिंघार की घोषणा पर कांग्रेस सदस्यों ने बहिर्गमन किया। दरअसल सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के अभय मिश्रा अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान एक प्रसंग के चलते सिंघार ने कहा कि अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कोई अधिकारी नहीं है और कोई मंत्री नहीं है।
आसंदी पर विराजमान सभापति अजय विश्नोई ने कहा कि सदन मेें आठ दस मंत्री बैठे हुए हैं। श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि सभी बैठे हुए हैं, उप मुख्यमंत्री भी हैं। सिंघार ने कहा कि यह गंभीर मसला है। राज्यपाल के अभिभाषण में हर विभाग का प्रमुख सचिव होना चाहिए। लोकतंत्र को मजाक बना रखा है। इस बात को लेकर सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दल के सदस्यों के बीच नोंकझोंक हुयी। सिंघार ने कहा कि इस बारे में खासतौर से अधिकारियों के संबंध में सभापति की ओर से व्यवस्था आना चाहिए।
सभापति ने कहा कि एक बात तय है कि मूल जवाबदारी मंत्रियों की होती है। सदन में मंत्री पर्याप्त हैं। सभापति ने कहा कि वे इस बात से सहमत हैं कि अधिकारियों को भी उपस्थित होना चाहिए। इसके बावजूद सिंघार संतुष्ट नजर नहीं आए और उनकी घोषणा पर कांग्रेस सदस्यों ने बहिर्गमन किया। इसके बाद चर्चा में अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया और सदन की कार्यवाही शाम साढ़े सात बजे तक चली। इसके बाद कार्यवाही बुधवार सुबह ग्यारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। अभिभाषण पर चर्चा बुधवार को भी होगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Wed, Mar 12 , 2025, 07:44 AM