सुर्खियां बटोरने के लिए आरोप लगा रहे हैं सिंघार : भाजपा

Sat, Feb 15 , 2025, 03:35 PM

Source : Uni India

भोपाल, 15 फरवरी (वार्ता)। मध्यप्रदेश विधानसभा (madhya pradesh assembly) में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार (Umang Singhar) की ओर से आज राज्य के एक मंत्री पर कथित परिवहन घोटाले के संबंध में लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी के मध्यप्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि श्री सिंघार केवल सुर्खियां बटोरने के लिए इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं।

श्री अग्रवाल ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जो स्वयं अनेक आरोपों से घिरे हैं, वे दूसरों के चरित्र हनन का प्रयास कर रहे हैं। ये कमलनाथ सरकार के दौरान भी अपने मंत्रालय में करोड़ों रुपए के भ्रष्टाचार के आरोपी रहे हैं। जब श्री सिंघार झारखंड के प्रभारी सचिव थे तो वहां इन पर टिकट बेचने के आरोप लगे। कमलनाथ सरकार के दौरान ये अपने ही पूर्व मुख्यमंत्री सिंह दिग्विजय को माफिया बता रहे थे। श्री अग्रवाल ने कहा कि उमंग सिंघार पर पर कई महिलाओं ने भी कई बार गंभीर आरोप लगाए हैं। अब वे सिर्फ सुर्खियां बटोरने के लिए विभिन्न प्रकार के आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्वयं भ्रष्टाचार का पर्याय है। कांग्रेस का प्रथम परिवार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबा है। वहीं भाजपा की भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है। कांग्रेस का डर है कि कमलनाथ सरकार के दौरान के भ्रष्टाचार की जांच कांग्रेस के लोगों तक ना पहुंच जाए। राजनीतिक सुर्खियां बटोरने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आपस में लड़ रहे हैं।

श्री अग्रवाल ने दावा किया कि उमंग सिंघार ने जो नाम लिए हैं, उनमें से एक नाम स्वयं कांग्रेस से जुड़े व्यक्ति का है।

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups