मुलुंड की घटना पर सरकार से कठोर रवैया अपनाने को कहा
महानगर संवाददाता
मुंबई। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने चेतावनी दी है कि मराठी व्यक्ति को घर, ऑफिस के लिए जगह न देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुंबई- महाराष्ट्र में यदि दोबारा ऐसा कुछ हुआ तो इसकी व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिलेगी। उन्होंने इस मामले में राज्य सरकार से कठोर रवैया अपनाने को कहा।
तृप्ति देवरुखकर मुलुंड में ऑफिस के लिए जगह की तलाश कर रही थीं। इसके लिए उन्होंने मुलुंड पश्चिम में शिव सदन भवन के सचिव से संपर्क किया। उस वक्त उनसे कहा गया कि मराठी व्यक्ति को जगह नहीं दी जाएगी। गुरुवार को इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी हुआ। इस वीडियो पर राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया हुई। मुलुंड में मनसे कार्यकर्ताओं ने इस घटना को गंभीरता से लिया और संबंधित व्यक्ति से जवाब मांगा और उससे माफीनामा लिया।
इसी पृष्ठभूमि में राज ठाकरे ने शुक्रवार को एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि मुलुंड में एक ऐसी घटना घटी, जहां एक मराठी महिला को ऑफिस की जगह देने से इसलिए इंकार कर दिया गया, क्योंकि वह मराठी थी। अन्य लोगों ने विरोध किया। हमें विरोध प्रकट करने का तरीका मालूम नहीं, इसलिए मेरे महाराष्ट्र सैनिकों ने हमारी पद्धति से दम दिया और इमारत के सचिव ने माफीनामा दिया। महाराष्ट्र सैनिकों को बधाई। कहीं भी किसी मराठी व्यक्ति के साथ अन्याय होता है तो उसे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की याद आती है। इसे ऐसे ही जारी रहना चाहिए। जहां भी अन्याय होता दिखाई दे, वहां तुम्हारी लात पड़नी चाहिए।
इस बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने कहा कि इस मामले में महायुति सरकार को वोट बैंक की परवाह नहीं करते हुए संबंधित व्यक्ति पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। वे कौन लोग हैं जो मराठी लोगों से नफरत करते हैं और कहते हैं कि मराठी लोगों की मुंबई में उनके लिए कोई जगह नहीं है?
मने पिछले हफ्ते एक भाजपा के सांसद की एक खास धर्म के लोगों के प्रति नफरत देखी। क्या यह नफरत अब मराठी लोगों में आने लगी है? यह सवाल पूछते हुए वडेट्टीवार ने मांग की है कि जाति, धर्म और भाषा के आधार पर जो नफरत फैलाई जा रही है, उसे रोका जाना चाहिए। शिवसेना यूबीटी विधायक आदित्य ठाकरे ने एक्स पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ये खीज पैदा करने वाली घटना है, लेकिन सवाल यह है कि सरकार क्या करेगी? वारकरियों, बारसू में महिलाओं और मराठा समाज पर लाठियां चलाई गई। क्या वे यहां भी कानून का डर दिखाएंगे या फिर दिल्ली वालों की नाराजगी के डर से खामोश रह जाएंगे?.
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Fri, Sep 29 , 2023, 08:12 AM