- महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए मनपा का अहम कदम
मुंबई :महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मनपा ने मुंबई के 200 सार्वजनिक शौचालयों में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन (sanitary pad vending machine) लगाई है। मनपा मुंबई की झोपड़पट्टीयो , पर्यटन स्थलों सहित अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बने सार्वजनिक शौचालय (public toilet) में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई गई है। मनपा का कहना है कि महिलाओं को यहां सस्ती दर पर सेनेट्रिक नैपकिन उपलब्ध होगी। मनपा के एक अधिकारी ने बताया कि इस मशीन से महिलाओं को 10 रुपये में 3 सेनेटरी पैड मिलेगा। जिसकी कीमत बाजार में करीब 35 से 40 रुपये है। यह मशीन मनपा के 24 में से 13 वार्ड में लगाई गई हैं। उल्लेखनीय है कि उद्धव ठाकरे गुट के नेता आदित्य ठाकरे ने मनपा की इस योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया था। आदित्य ने कहा था कि यह मशीनें मार्केट रेट से महंगी खरीदी जा रही हैं। जिसका मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल ने खंडन किया था। चहल ने कहा था कि मशीनों की खरीदी के साथ उसमें देखभाल भी शामिल है। मनपा अधिकारी ने बताया कि इस मशीन को रिमोट से कंट्रोल किया जाएगा। मशीन में सेनेटरी पैड खत्म हो गया है या मशीन खराब हो गई है इसकी जानकारी अपने आप मिल जाएगी। यह कांबो मशीन है यह सेनेटरी पैड देने के साथ ही खराब पैड को नष्ट (इंसीनरेटर) भी किया जा सकेगा। एक मशीन में एक दिन में करीब 150 नैपकिन का इस्तेमाल किया जा सकेगा। मशीन लगाने, पैड की व्यवस्था और पैसा लेने की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। एक मशीन की कीमत लगभग 76000 रुपये है। मनपा की उपायुक्त चंदा जाधव ने कहा कि मुंबई की स्लम में बड़े पैमाने पर महिलाएं पैड का इस्तेमाल नहीं करती हैं इस कारण उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए बीएमसी ने करीब 60 प्रतिशत सेनेटरी पैड मशीन झोपड़पट्टियों में लगाने का फैसला किया है। अधिकारी ने कहा कि स्लम में ज्यादातर गरीब तबके के लोग रहते हैं। महिलाएं ज्यादा जागरूक भी नहीं हैं , आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण ये हर महीने मेडिकल स्टोर से सेनेटरी नैपकिन नहीं खरीद पाती हैं। इस समस्या के समाधान के लिए मनपा ने सर्वे कराया जिसमें पाया गया कि यदि महिलाओं को आसानी से नैपकिन मिले तो वह इस्तेमाल करेंगी। स्लम में सार्वजनिक शौचालय होते हैं जिसका इस्तेमाल सभी महिलाएं करती हैं। इसलिए यहां सेनेटरी वेंडिंग मशीन लगा कर उन्हें आसानी से पैड उपलब्ध कराने की पहल की गई है। धारावी, वडाला संगम नगर, सायन कोलीवाड़ा, डॉ. आंबेडकर स्लम कफ परेड, कोलाबा मार्केट स्लम, माहिम स्लम, बांद्रा गरीब नगर जैसे स्थानों पर प्रमुखता से यह मशीन लगाईं जाएगी। मुंबई सिटी में करीब 7500 सार्वजनिक शौचालय हैं। इसमें करीब 2000 मनपा और 4700 म्हाडा की है। जबकि करीब 900 पे एन्ड यूज है। बड़े पैमाने पर पर्यटन स्थल मुंबई आते हैं इसलिए पिकनिक स्पॉट के पास स्थित सार्वजानिक शौचालयों में यह मशीन लगाने की योजना है। इससे बाहर से आई महिलाओं को आसानी से सस्ते में पैड मिल सके। गिरगांव चौपाटी, मरीन लाइंस, दादर चौपाटी, जुहू चौपाटी, वर्ली चौपाटी, गेटवे ऑफ़ इंडिया, हैंगिंग गार्डन , मंदिरों के आसपास , रेलवे स्टेशनों के पास के शौचालय में यह मशीन लगाई जाएगी।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Sat, Sep 23 , 2023, 09:03 AM