0 मनोज जरांगे अनशन छोड़ने को तैयार नहीं
0 अड़े हुए हैं जीआर में संशोधन की मांग पर
मुंबई। पिछले 9 दिनों से मराठा आरक्षण (Maratha Reservation) की मांग को लेकर अनशन कर रहे मनोज जरांगे (Manoj Jarange) ने राज्य सरकार का अनशन खत्म करने का अपील को ठुकरा दिया। गुरुवार को राज्य सरकार ने इस संबंध में एक शासनादेश (जीआर) जारी किया। सरकार की तरफ से पूर्व मंत्री अर्जुन खोतकर (Arjun Khotkar) इस शासनादेश को लेकर मनोज जरांगे के पास पहुंचे, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक शासनादेश में आवश्यक बदलाव नहीं होंगे, उनका अनशन जारी रहेगा। हालांकि उन्होंने शासनादेश में बदलाव के लिए अपना प्रतिनिधिमंडल सरकार के पास भेजने पर सहमति जताई है।
सरकार की तरफ से जारी शासनादेश में कहा गया है कि मराठवाडा के जिन लोगों की वंशावली में कुनबी का उल्लेख है, उन्हें कुनबी मराठा के रूप में जाति प्रमाणपत्र दिया जाएगा। जरांगे ने कहा कि हमारे पास वंशावली के कोई दस्तावेज नहीं है। महाराष्ट्र के सभी मराठा समाज को कुनबी प्रमाणपत्र दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासनादेश में संशोधन के लिए बातचीत हुई है। इस बारे में प्रतिनिधिमंडल भेजने को कहा गया है। हमारा प्रतिनिधिमंडल सरकार से मिलने जाएगा। मनोज जरांगे ने कहा कि हम काम पूरा करना चाहते हैं, जब तक शासनादेश में सुधार नहीं हो जाता, तब तक मैं पानी भी नहीं पिऊंगा।
बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मराठवाड़ा में जिनके पास राजस्व और अन्य निजामकालीन रिकॉर्ड होंगे, उन्हें कुनबी जाति का प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इन रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश संदीप शिंदे की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति की गठन किया गया है। यह समिति एक माह में अपनी रिपोर्ट देगी। मराठवाड़ा के 8 जिलों में 8550 गांव हैं, जिसमें से 80 गांवों में मराठा कुनबी होने के दस्तावेज मिले हैं। बता दें कि आजादी के समय मराठवाड़ा हैदराबाद के निजाम के अधीन था, इसलिए उस समय के रिकॉर्ड निकाले जा रहे हैं। एक सितंबर को अधिकारियों ने जारांगे को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया था, लेकिन इससे प्रदर्शनकारी उग्र हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने अंतरवाली सराटी गांव में हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े थे। इस हिंसा में 40 पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए थे और 15 से अधिक राज्य परिवहन बसों को आग के हवाले कर दिया गया था।
Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.
Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265
info@hamaramahanagar.net
© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups
Thu, Sep 07 , 2023, 06:47 AM