जल आपूर्ति परियोजनाओं के लिए केंद्र से मांगी मदद

Mon, Aug 28 , 2023, 09:01 AM

Source : Hamara Mahanagar Desk

० पश्चिम क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री
० प्याज खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने की मांग
मुंबई।
गुजरात की राजधानी गांधीनगर में केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की अध्यक्षता में हुई पश्चिम क्षेत्रीय परिषद की बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने सूखाग्रस्त मराठवाडा के लिए मराठवाडा वॉटर ग्रीड योजना (Marathwada Water Grid Scheme) और कोकण से समुद्र में मिलने वाली पानी के समुचित उपयोग के लिए केंद्र सरकार की मदद मांगी। साथ ही नदी जोड़ परियोजना और मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा देने के लिए जल्द से जल्द फैसला लेने की मांग की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अलावा गुजरात, गोवा के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित दादरा व नगर हवेली और दीव के प्रशासकों के अलावा राज्य के मुख्य सचिव मनोज सौनिक भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा के साथ तिलारी सिंचाई परियोजना के लिए समन्वय किया जा रहा है। इस सिलसिले में गोवा के मुख्यमंत्री के साथ बैठक भी हो चुकी है।

प्याज खरीदी केंद्र बढ़ाने की मांग
मुख्यमंत्री ने नाफेड के जरिए प्याज की खरीदी का महत्वपूर्ण फैसला लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह का अभिनंदन किया। साथ ही इस खरीद को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्याज खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया।

मराठी को मिले अभिजात भाषा का दर्जा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बैठक में कहा कि मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा मिलना चाहिए। यह मांग कई साल से लंबित है। यह मराठी अस्मिता का सवाल है और केंद्र को इस संबंध में जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए।

कोस्टल रोड के लिए मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डहाणू से सिंधुदुर्ग तक एक कोस्टर रोड का निर्माण कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि यदि इस मार्ग को गोवा और गुजरात राज्य से जोड़ दिया जाए तो निश्चित रूप से राज्य में पर्यटन बढ़ेगा।

सरकारी योजनाओं की जानकारी
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के पिछले वर्ष से संचालित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन आपके द्वार जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम से अब तक 1.5 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को एक ही छत के नीचे लाभान्वित किया गया है। सरकार विदेशी निवेश में देश में सबसे आगे है। अभी हाल ही में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने अपनी जापान यात्रा के दौरान महाराष्ट्र में निवेश के लिए सकारात्मक चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने आपला दवाखाना उपक्रम और महिला अत्याचार मामले में त्वरित कार्रवाई करने की जानकारी दी।  

Latest Updates

Latest Movie News

Get In Touch

Mahanagar Media Network Pvt.Ltd.

Sudhir Dalvi: +91 99673 72787
Manohar Naik:+91 98922 40773
Neeta Gotad - : +91 91679 69275
Sandip Sabale - : +91 91678 87265

info@hamaramahanagar.net

Follow Us

© Hamara Mahanagar. All Rights Reserved. Design by AMD Groups